विक्रमशिला सेतु की बड़ी बाधा दूर, चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों में गर्डर फिट, 30 जनवरी तक चालू करने का लक्ष्य
विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत का काम तेजी से अंतिम चरण में है, जिससे यातायात परिचालन जल्द बहाल होने की उम्मीद है। पथ निर्माण मंत्री ने निरीक्षण कर 30 जनवरी तक हैंडओवर का लक्ष्य तय किया, जिसके बाद फुल लोड टेस्ट होगा।
-1795947226510_m.webp)
भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करते पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र व विभागीय अधिकारी
HighLights
पुल के चार क्षतिग्रस्त हिस्सों पर गर्डर लगाने का कार्य पूरा।
नवगछिया छोर पर 90% और भागलपुर की ओर 75% काम पूरा।
30 जनवरी तक हैंडओवर का लक्ष्य, पहले होगा फुल लोड टेस्ट।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर यातायात परिचालन बहाल होने की उम्मीद अब बढ़ गई है। पुल के चार क्षतिग्रस्त हिस्सों पर स्टील ट्रस ब्रिज लगाने का काम तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रहा है।
बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने सेतु पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल निर्माण निगम और एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने कहा कि मरम्मत के बाद विक्रमशिला सेतु पहले से अधिक मजबूत होगा। भारी वाहनों के परिचालन को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने पुल की भार क्षमता 70 टन थी और नए स्टील ट्रस ब्रिज की डिजाइनिंग भी इसी भार क्षमता के अनुरूप की गई है, इसलिए भार क्षमता को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए।
नवगछिया छोर पर 90% और भागलपुर की ओर 75% तक काम पूरा
मंत्री ने बताया कि चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों पर गर्डर लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। पुल के कुल 67 खराब एक्सपेंशन जॉइंट में से 20 बदले जा चुके हैं, जबकि बॉल बेयरिंग बदलने का काम भी तेजी से जारी है। कार्य प्रगति के आंकड़ों के अनुसार:
नवगछिया छोर: दोनों क्षतिग्रस्त हिस्सों में करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
भागलपुर छोर: दोनों क्षतिग्रस्त हिस्सों में 70 से 75 प्रतिशत तक कार्य पूरा कर लिया गया है।
30 जनवरी तक हैंडओवर का लक्ष्य, पहले होगा फुल लोड टेस्ट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के अनुरूप 30 जनवरी तक सेतु को हैंडओवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पथ निर्माण मंत्री ने स्पष्ट किया कि यातायात परिचालन शुरू करने से पहले पुल का फुल लोड टेस्ट कराया जाएगा और परीक्षण में निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद ही सेतु को वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।