भागलपुर: शादी सीजन से बियाडा घाट पर बढ़ा दबाव,जहाज पर चढ़ने को लेकर यात्रियों में मची आपाधापी
भागलपुर के बियाडा घाट पर शादी-विवाह के सीजन और छुट्टी के कारण यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे जहाज पर चढ़ने को लेकर आपाधापी मची है और एक विवाद भी हुआ। गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं की आवाजाही में अब अधिक सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि हाल ही में एक घटना के बाद प्रशासन और परिजन दोनों सचेत हो गए हैं।

भागलपुर के बियाडा घाट पर गंगा पार जाने के लिए जहाज पर सवार होते यात्री
HighLights
शादी सीजन और छुट्टी से बियाडा घाट पर बढ़ी यात्रियों की भीड़।
जहाज पर चढ़ने की आपाधापी में बाइक सवार और कर्मी में विवाद।
गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं की आवाजाही में अब अधिक सतर्कता।
संवाददाता, भागलपुर। बियाडा घाट पर शनिवार को जहाज पर यात्रियों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। रविवार की छुट्टी और शादी-विवाह का सीजन होने के कारण गंगा पार आने-जाने वालों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
खासकर नवगछिया की ओर से भागलपुर आने वाले यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। शादी समारोहों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग भागलपुर पहुंच रहे हैं, जिससे जहाज पर यात्रियों के साथ-साथ बाइकों की संख्या भी बढ़ गई है।
यात्री रमेश और मोहित आदि ने बताया कि शादी-विवाह का सीजन शुरू होने से नवगछिया से भागलपुर आने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है, वहीं रविवार की छुट्टी रहने के कारण भी लोग परिवार के साथ गंगा पार आ-जा रहे हैं। इसी वजह से सामान्य दिनों की अपेक्षा जहाज पर अधिक भीड़ नजर आ रही है।
जल्द चढ़ने की आपाधापी में बाइक सवार और घाट कर्मी के बीच विवाद
शनिवार को जहाज पर जल्द चढ़ने की आपाधापी में एक बाइक सवार युवक और घाट पर तैनात कर्मी के बीच विवाद हो गया, जिससे मामला मारपीट की नौबत तक पहुंच गया। बताया गया कि बियाडा घाट से नवगछिया जा रहे संतोष नामक युवक ने बाइक का टिकट नहीं लिया था।
घाट पर उसने कर्मी से आग्रह किया कि वह टिकट का पैसा देने को तैयार है। इसी दौरान किसी कारणवश कर्मी का हाथ दब गया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ने लगा।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद युवक को जहाज से गंगा पार भेजा गया।
गंभीर मरीजों व गर्भवती महिलाओं की आवाजाही में बढ़ी सतर्कता
दूसरी ओर, जहाज से नियमित रूप से सफर करने वाले मरीजों की संख्या में कमी देखी जा रही है। पिछले दिनों जहाज से गंगा पार ले जाने के दौरान एक गर्भवती महिला के बच्चे की मौत होने की घटना के बाद प्रशासन और मरीजों के परिजन दोनों सतर्क हो गए हैं। अब गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को जहाज के माध्यम से ले जाने में पहले की अपेक्षा अधिक सावधानी बरती जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।