विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में दूध फिर महंगा, सुधा के दाम 5 रुपये तक बढ़े, 1 दिसंबर से नई दरें लागू; छह महीने में दूसरी बढ़ोतरी

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:46 AM (IST)

बिहार में सुधा दूध की कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है, जो 1 दिसंबर 2026 से लागू होगी। यह छह महीने में दूसरी वृद्धि है, जिससे आम परिवारों के मासिक बजट पर 90 से 240 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

बिहार में 1 दिसंबर 2026 से सुधा दूध की नई दरें लागू

बिहार में 1 दिसंबर 2026 से सुधा दूध की नई दरें लागू

HighLights

  1. सुधा दूध की कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि।

  2. नई दरें 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी, छह महीने में दूसरी वृद्धि।

  3. पशु चारा और परिवहन लागत बढ़ने से हुआ यह फैसला।

डिजिटल डेस्क,। बिहार में आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगने वाला है। अब घरों में रोज इस्तेमाल होने वाला सुधा दूध भी महंगा हो गया है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) ने सुधा दूध की कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है।

नई दरें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी। छह महीने के भीतर दूध की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। सबसे अधिक 5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि सुधा काउ मिल्क में की गई है।

दिसंबर 2026 से सुधा दूध की नई दरें (रेट लिस्ट):

दूध की किस्म आधा लीटर (पुरानी दर) आधा लीटर (नई दर) एक लीटर (पुरानी दर) एक लीटर (नई दर) प्रति लीटर वृद्धि
सुधा गोल्ड 35 रुपये 37 रुपये 68 रुपये 72 रुपये +4 रुपये
सुधा शक्ति 31 रुपये 33 रुपये 60 रुपये 64 रुपये +4 रुपये
सुधा काउ मिल्क 29 रुपये 32 रुपये 57 रुपये 62 रुपये +5 रुपये
सुधा टोंड 28 रुपये 30 रुपये 55 रुपये 58 रुपये +3 रुपये
सुधा डबल टोंड 26 रुपये 28 रुपये 50 रुपये 54 रुपये +4 रुपये

पशु चारा से लेकर परिवहन तक बढ़ी लागत, किसानों व विक्रेताओं को भी राहत

कॉम्फेड ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे पशुपालन की बढ़ती लागत को प्रमुख कारण बताया है। पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना महंगा होने के साथ-साथ ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च में भी वृद्धि हुई है।

इसी दबाव के बीच किसानों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध की कीमत में भी एक दिसंबर से प्रति किलोग्राम 2.26 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। दूसरी ओर, खुदरा विक्रेताओं को पाउच दूध की बिक्री पर अब प्रति लीटर 2.40 रुपये के बजाय 2.60 रुपये मार्जिन मिलेगा। यानी उनके मार्जिन में 20 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

परिवारों के मासिक बजट पर बढ़ेगा 90 से 240 रुपये तक बोझ

दूध की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम परिवारों की रसोई और मासिक बजट पर पड़ेगा। रोज एक लीटर दूध खरीदने वाले परिवार को महीने में करीब 90 से 120 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं।

वहीं, रोज दो लीटर दूध की खपत वाले परिवारों पर यह अतिरिक्त बोझ 180 से 240 रुपये तक पहुंच सकता है। दूध के साथ-साथ चाय, दही, पनीर और मिठाइयों के दाम बढ़ने से भी घरेलू बजट पर दबाव बढ़ सकता है।

छह महीने में दूसरी बार महंगा हुआ दूध

इससे पहले 25 मई को भी सुधा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय प्रति लीटर दूध के दाम तीन रुपये तक बढ़ाए गए थे, जबकि 200 ग्राम पनीर पर 10 रुपये की वृद्धि हुई थी।

करीब छह महीने बाद फिर कीमतें बढ़ने से उपभोक्ताओं को महंगाई की दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। गौरतलब है कि इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।

यह भी पढ़ें- मुंगेर के धरहरा में पांच साल से जलजमाव, सिर्फ आश्वासन मिलने का आरोप, शादी-ब्याह से लेकर बीमारी तक बनी मुसीबत

यह भी पढ़ें- मुंगेर: असरगंज के दुर्गा स्मृति मंदिर का होगा कायाकल्प, सीएम सम्राट चौधरी ने 2.08 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।