यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar: 'बेटा चाहिए तो शादी में जितना खर्च हुआ है, सब वापस करो", ससुर-साले ने दामाद का अपहरण कर पिता को दी धमकी
भागलपुर में ससुर और साला के द्वारा दामाद का अपहरण करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है ...और पढ़ें

खरीक (भागलपुर), जागरण संवाददाता। भागलपुर के खरीक थाना क्षेत्र के ध्रुबगंज निवासी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी सच्चिदानंद कुमर के पुत्र निशांत कुमार 36 वर्ष का फिरौती के लिए अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में बैंक अधिकारी ने अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है।
सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी ने अपने बेटे के ससुर नवीन सिंह और साला अभय सिंह, रवि सिंह और जयशंकर सिंह समेत अन्य अज्ञात रिश्तेदारों को अपहरण करने, फिरौती मांगने और धमकी देने के आरोप में नामजद किया है। इस संदर्भ में अपहृत युवक के पिता सेवानिवृत्त अधिकारी ने बताया कि 7 अप्रैल 2022 को उन्होंने अपने पुत्र निशांत का विवाह सुलतानगंज थाना क्षेत्र गंगनिया निवासी नवीन सिंह की पुत्री पल्लवी से किया था।
शादी के तीसरे महीने 17 जुलाई 2022 को तीज रस्म की अदायगी के लिए समधी नवीन सिंह और उसका पुत्र अभय सिंह हमारे मुंबई स्थित आवास पर आया और बहू का दुरागमन कर सुल्तानगंज के गणगनिया ले आया। उस समय से पल्लवी गंगनिया में ही रह रही है। बीते 30 जनवरी को निशांत अपने साला जय शंकर के विवाह में शामिल होने के लिए मुंबई से सुल्तानगंज गंगनिया आया।
इसके बाद 31 जनवरी को पिता ने बेटे का हाल-चाल जानने के लिए उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उसके साला अभय सिंह ने फोन उठाया और बताया कि 31 जनवरी को दिन के दस बजे से उनका पुत्र निशांत लापता है। इस संदर्भ में सुलतानगंज थाना में गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज करा दिया है। दुबारा जब बेटे के ससुर और साला अभय के मोबाइल पर फोन किया तो दोनों गाली-गलौज करने लगे और कहा की शादी में जितना रुपया खर्च हुआ है, वह सारा रकम मुझे वापस करो। ऐसा नहीं करने पर बेटे की जिंदगी से हाथ धोना पड़ेगा।
पिता ने बताया कि जब उनसे पूछा कि मेरा बेटा कहां है तो वह टालमटोल कर मुझे दिग्भ्रमित कर रहे हैं। बहू से संपर्क स्थापित करने का भी प्रयास किया, लेकिन समधी और उसका बेटा बात नहीं करा रहे हैं। अपहृत के पिता को इस बात की आशंका है कि उसके पुत्र का फिरौती के लिए ससुरालवालों ने अपहरण कर लिया है। अगर फिरौती की मोटी रकम उसे हम नहीं देते हैं तो अपराधी मेरे पुत्र की हत्या कर सकता है। अपहृत के पिता ने वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर से निशांत की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
