Bihar Chunav 2025: RJD और Congress की एक-दूसरे की सीट पर नजर... महागठबंधन में चल रहा दावेदारी-दबाव का तिकड़म
Bihar Chunav 2025 भागलपुर में महागठबंधन में एक दूसरे की सीट पर नजर है। हालांकि ये किंवदंति है कि जिस गठबंधन को भागलपुर का समर्थन मिलता है राज्य में उसकी सरकार ही बनती है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में एनडीए ने जिले की सात में से पांच सीटें जीत कर महागठबंधन पर बढ़त बनाई थी। वहीं 2015 के चुनाव में जदयू-राजद ने सभी सीटें जीती थीं।

प्रशांत, भागलपुर। Bihar Chunav 2025 पाटिलपुत्र (पटना) की सत्ता के लिए अंगनगरी (भागलपुर) का जनसमर्थन काफी मायने रखता है। बीते कुछ चुनाव के आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि भागलपुर ने जिसे पसंद किया, वही राज्य की सत्ता पर काबिज हुआ। 2015 में भागलपुर जिले की सभी सात सीटें महागठबंधन के हिस्से में चली गई। इस कारण राज्य में भी महागठबंधन की सरकार बनी।
2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए ने महागठबंधन पर बढ़त बनाई। एनडीए को पांच सीटें मिलीं और महागठबंधन के हिस्से मात्र दो सीटें आईं। लिहाजा, प्रदेश में एनडीए की सरकार बनी। ऐसे में इस बार महागठबंधन भी भागलपुर जिले की सभी सातों सीटों पर मजबूती से तैयारी कर रहा है। राहुल-तेजस्वी की यात्रा के बाद महागठबंधन कार्यकर्ता उत्साहित हैं।
महागठबंधन का मुकाबला इस बार एकजुट एनडीए गठबंधन से होगा। ऐसे में महागठबंधन की राह आसान नहीं होगी। दूसरी तरफ महागठबंधन के अंदर सभी दलों द्वारा नई-नई सीटों पर दावेदारी किए जाने से उलझन और बढ़ गई है।
मुकेश सहनी की वीआइपी (विकासशील इंसान पार्टी) भी इस बार महागठबंधन का हिस्सा है। वीआइपी के प्रदेश महासचिव अबुल हसन ने कहा कि सीटों पर अंतिम निर्णय हमारे पार्टी के सुप्रीमो करेंगे। हालांकि, हमारी पार्टी कहलगांव, सुल्तानगंज और गोपालपुर विधानसभा सीट पर मजबूती से तैयारी कर रही है। कहलगांव और सुल्तानगंज कांग्रेस की परंपरागत सीट है तो गोपालपुर से राजद चुनाव लड़ती रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष परवेज जमाल ने कहा कि भागलपुर नगर, सुल्तानगंज और कहलगांव पार्टी की परंपरागत सीट है। इन तीनों सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा पार्टी के कार्यकर्ता बिहपुर या गोपालपुर में से किसी एक सीट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। मैंने कार्यकर्ताओं की भावना से पार्टी नेतृत्व को अवगत करा दिया है।
राजद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि बिहपुर, पीरपैंती, नाथनगर और गोपालपुर हमारी परंपरागत सीट रही है। यहां से राजद के ही उम्मीदवार चुनाव लड़ते रहे हैं। हमारी तैयारी जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र पर है। सुल्तानगंज में भी पार्टी की तैयारी है। सीट पर अंतिम निर्णय पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लेंगे। तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पार्टी जिले के सातों विधानसभा सीट पर महागठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगी।
2015 विधानसभा चुनाव का हाल
विस क्षेत्र पार्टी और विजयी प्रत्याशी
- पीरपैंती राजद रामविलास पासवान
- भागलपुर कांग्रेस अजीत शर्मा
- कहलगांव कांग्रेस सदानंद सिंह
- गोपालपुर जदयू नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल
- सुल्तानगंज जदयू सुबोध राय
- बिहपुर : राजद वर्षा रानी
- नाथनगर : जदयू अजय कुमार मंडल
2020 विधानसभा चुनाव का परिणाम
विस क्षेत्र पार्टी और विजयी प्रत्याशी
- पीरपैंती भाजपा ललन कुमार पासवान
- भागलपुर कांग्रेस अजीत शर्मा
- कहलगांव भाजपा पवन कुमार यादव
- गोपालपुर जदयू नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल
- सुल्तानगंज जदयू प्रो. ललित कुमार मंडल
- बिहपुर : भाजपा ई. शैलेंद्र कुमार
- नाथनगर : राजद अली अशरफ सिद्दिकी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।