Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Pangolin: दुर्लभ पैंगोलिन को देख डरे लोग, जमुई में ले ली जान, कहां से आया सभी सकते में

    By Dilip Kumar ShuklaEdited By:
    Updated: Fri, 13 Aug 2021 05:34 PM (IST)

    जमुई के अचानक एक घर में दुर्लभ प्रजाति का पैंगोलिन घुस गया। ग्रामीणों ने उसे भय से मौत के घाट उतार दिया। पैंगोलिन एक एक घर की दीवार में छेद कर रहा था। यह दुर्लभ प्रजाति का प्राणी है। इसे नहीं मारना चाहिए था।

    Hero Image
    जमुई में मृत पड़ा दुर्लभ प्रजाति पैंगोलिन।

    संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चंद्रमंडी प्रखंड के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के नावाडीह सीलफरी पंचायत अंतर्गत अखाने गांव में गुरुवार की रात ढाई बजे के करीब एक घर में घुसे पैंगोलिन को स्थानीय लोगों ने मार डाला। ग्रामीणों ने बताया कि रात में जब एक महिला उठी तो उसे आभास हुआ कि गांव की गली से कोई गुजर रहा है। उसने टार्च जलाया तो देखा कि एक अजीब तरह का जीव गली से गुजरते हुए घर की ओर आ रहा है। इसके बाद महिला ने हो-हल्ला मचाना प्रारंभ किया जिसके बाद बड़ी संख्या में गांव के लोग जुट गए। इस बीच वह जीव घर में घुस गया और देखते ही देखते पांच मिनट के अंदर दीवाल में छेद कर डाला। इसी बीच कुछ युवाओं ने इंटरनेट के सहारे उस जीव की पहचान दुर्लभ प्रजाति के पैंगोलिन के रूप में की। तभी ग्रामीणों ने भय के कारण लाठी-डंडे और राड से पीट-पीटकर पैंगोलिन को मार डाला। जब सुबह हुई तो इस दुर्लभ प्रजाति के जीव को देखने के लिए आसपास के गांव की भीड़ सैकड़ों की संख्या में उमड़ पड़ी। लोग इस जीव को देखने के लिए दूर-दूर से आने लगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी दौरान ग्रामीणों ने मृत पैंगोलिन को नदी किनारे फेंक दिया। जब दोपहर में वन विभाग को इसकी सूचना मिली तो रेंजर राजेश कुमार, वनपाल सुनील कुमार, विनोद चौधरी वन विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे और उस जगह का मुआयना किया जहां पैंगोलीन ने दीवाल में छेद कर दिया था। वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों से जानकारी भी प्राप्त की और मोबाइल पर लिए गए फोटो के आधार पर इसकी पुष्टि की कि यह दुर्लभ प्रजाति का पैंगोलीन है जो इस इलाके में नहीं पाया जाता है। उन्होंने उस स्थल पर भी जाकर जांच-पड़ताल की जहां ग्रामीणों ने पैंगोलीन को फेंक दिया था। कुछ लोगों ने बताया कि दूर-दराज के गांव के कुछ लोग मृत पैंगोलीन को उठाकर ले गए।

    यह दुर्लभ प्रजाति का पैंगोलिन कहां से आया, यह जांच का विषय है। इससे पूर्व भी खैरा में एक पैंगोलीन मिला था। उन्होंने कहा कि ऐसी संभावना है कि इस इलाके में यह प्रजाति कहीं न कहीं अवश्य मौजूद है। - पीयूष कुमार, डीएफओ, जमुई।

    भारत, श्रीलंका, चीन व नेपाल में पाया जाता है पैंगोलीन

    वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दुर्लभ प्रजाति का पैंगोलिन भारत, श्रीलंका, चीन और नेपाल जैसे देशों में पाया जाता है। भारत में भी यह प्रजाति मौजूद है लेकिन बिहार और जमुई के इलाके में यह नहीं के बराबर है। इसके बावजूद भी इस प्रजाति का यहां मिलना यह बताता है कि इस इलाके में इसकी प्रजाति कहीं न कहीं जरूर मौजूद है। इससे पूर्व भी खैरा के इलाके में कुछ वर्ष पूर्व इसी प्रकार का दुर्लभ पैंगोलीन का प्रजाति पाया गया था। डीएफओ ने बताया कि जागरूकता के अभाव में ग्रामीणों ने इसे मार डाला। इसके लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।

     

    comedy show banner
    comedy show banner