Vote Adhikar Yatra: राहुल गांधी की फिर हो गई फजीहत... नवगछिया कोर्ट परिसर में नहीं मिली ठहरने की अनुमति; तेजस्वी यादव के साथ वोट अधिकार यात्रा 22 को
Vote Adhikar Yatra बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वोट अधिकार यात्रा पर निकले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। भागलपुर के नवगछिया में 22 अगस्त को रात्रि विश्राम के लिए उन्हें कोर्ट परिसर में ठहरने की अनुमति नहीं दी गई। अब वे निजी प्लाट पर रात्रि विश्राम करेंगे।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vote Adhikar Yatra भागलपुर में 22 अगस्त को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा आयोजित होगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी नवगछिया में रात्रि विश्राम करेंगे। यात्रा की तैयारी के लिए पार्टी के पदाधिकारी निर्धारित रूट का जायजा ले रहे हैं। पहले नवगछिया कोर्ट परिसर में रात्रि विश्राम का स्थान तय किया गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब एक निजी प्लाट का चयन किया गया है, जो नवगछिया जीरोमाइल से तीन किलोमीटर दूर है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष परवेज जमाल ने भू-स्वामी से सहमति प्राप्त कर ली है। 10 बीघा के इस प्लाट पर राहुल का काफिला रात्रि विश्राम के बाद कटिहार के लिए रवाना होगा। देर शाम एआईसीसी के सचिव प्रभारी शाहनवाज आलम ने कांग्रेसियों के साथ बैठक की, जिसमें वोटर अधिकार यात्रा पर चर्चा की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष परवेज जमाल ने कार्यक्रम की जानकारी दी। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डा. प्रवीण झा ने कहा कि भागलपुर की जनता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
इधर, राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के प्रभारी सह सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि इंडी गठबंधन की ओर से यात्रा की शुरुआत सासाराम से की गई है। यात्रा में राहुल गांधी के साथ कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हैं। जमुई में यात्रा साढ़े चार किलोमीटर लंबी और ऐतिहासिक होगी। वे सोमवार को स्थानीय कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कुलदीप इंदौरा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार षड्यंत्र कर सत्ता पर काबिज है। राहुल गांधी लगातार संसद और सड़क दोनों जगह आवाज उठा रहे हैं। कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर सरकार चर्चा नहीं करती, बल्कि चुनाव आते ही धर्म और राष्ट्रवाद का मुद्दा उछालती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 65 लाख मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काटा गया है। इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कांग्रेस और इंडी गठबंधन विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि जमुई की यात्रा में 14 स्थानों पर राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा और जनता का जनसैलाब उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
पत्रकारों के सवाल पर सत्ता पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को नकारते हुए कहा कि अगर विपक्ष हार मान चुका होता तो आज राहुल गांधी की यात्रा में जनसैलाब नहीं उमड़ता। सासाराम से शुरू हुई इस यात्रा में आम जनों का भारी समर्थन मिल रह है। चुनाव आयोग द्वारा विपक्ष पर अफवाह फैलाने के आरोप पर कहा कि आयोग को चाहिए कि स्पष्टीकरण दे, इसकी चर्चा संसद में पारदर्शी तरीके से कराए। दावा किया कि राहुल गांधी की यात्रा आगामी चुनावों में बड़ा असर डालेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।