Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सर्दी हो तो तुरंत कराएं इलाज वरना कान के पर्दे पर पड़ सकता है असर : : डॉ. धर्मेद्र

    By JagranEdited By:
    Updated: Mon, 14 Aug 2017 03:01 AM (IST)

    कान का पर्दा फटने से कान बहने लगता है। इलाज में विलंब होने से धीरे-धीरे श्रवण शक्ति कमजो

    सर्दी हो तो तुरंत कराएं इलाज वरना कान के पर्दे पर पड़ सकता है असर : : डॉ. धर्मेद्र

    कान का पर्दा फटने से कान बहने लगता है। इलाज में विलंब होने से धीरे-धीरे श्रवण शक्ति कमजोर होने लगती है। सर्दी होने पर तुरंत इलाज करवाएं। अन्यथा इसका असर कान के पर्दे पर पड़ता है और वह फट जाता है। बचपन में कान में चोट लगने की वजह से भी पर्दा फट सकता है। ऑपरेशन कर पर्दे की सिलाई करने से ठीक हो सकता है। कान में दर्ज हो तो नाक बंद करके सांस लेकर मुंह फुलाने से राहत मिलती है। अगर कान में सनसनाहट होती रहे तो शांत इलाके में नहीं रहें। शोरगुल वाले इलाके में रहें अथवा रेडियो बजाएं। सनसनाहट से ध्यान हटा देंगे तो वह धीरे-धीरे स्वत: समाप्त हो जाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह जानकारी जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के नाक-कान-गला विभाग में पदस्थापित वरीय आवासीय चिकित्सक धर्मेंद्र कुमार ने दी। वे रविवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में आए हुए थे। पाठकों ने उनसे सवाल किए जिसका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। पेश है मुख्य अंश :-

    -----------------------

    प्रश्न : सायनस हो गया है। बचपन से ही एलर्जी से पीड़ित हूं। नाक जाम हो जाता है।

    - भीम कुमार, सन्हौला

    उत्तर : नाक की हड्डी टेढ़ी होने और सूजन होने से नाक जाम होता है। ऑपरेशन कर उसे ठीक किया जा सकता है। धूल से बचें। नाक में गंदगी है तो हल्का गर्म पानी में नमक डालकर नाक की सफाई करने से आराम मिलेगा। सफाई नहीं करने पर कीड़ा होने की संभावना रहती है।

    प्रश्न : टांॅसिल बढ़ा हुआ है। कंठ में दर्द रहता है।

    - सायरा, तातारपुर

    उत्तर : ठंडा पानी नहीं पीएं। हल्का गर्म पानी में नमक डालकर गलाला करें, आराम मिलेगा।

    प्रश्न : मैं 16 वर्षो से सिगरेट पी रहा हूं। कुछ दिनों से सिगरेट पीना कम कर दिया है तो गले में जलन होने लगी है।

    - आलोक कुमार, भागलपुर

    उत्तर : सिगरेट पीने से आवाज की नली (वोकल कोर्ड) में खराबी आ सकती है। इंडोस्कोपिक द्वारा गला की जांच करवा लें। अगर कोई परेशानी होगी तो जानकारी मिल जाएगी।

    प्रश्न : आए दिन गले में जलन होती है। गैस्टिक भी रहता है।

    - कुमार गौरव, भागलपुर

    उत्तर : समय पर खाना खाएं। मिर्च-मसाला और तैलीय खाद्य पदार्थो को खाने से परहेज करें। खाली पेट चाय नहीं पीएं। गैस्टिक की दवा का सेवन करें।

    प्रश्न : सोते समय एक नाक बंद हो जाती है। सांस लेने में परेशानी होती है।

    - नीता गुप्ता, कनैल

    उत्तर : नाक की हड्डी टेढ़ी या नाक में मांस बढ़ने से ऐसा होता है। ऑपरेशन द्वारा टेढ़ी हड्डी को ठीक किया जा सकता है। अतिरिक्त मांस को भी हटाया जा सकता है। धूल से बचें।

    प्रश्न : तंबाकू बनाने वाले अथवा धुंआ के पास खड़े रहने से नाक से पानी गिरने लगता है। सुबह छींक आने लगती है।

    - मनोज कुमार, बूढ़ानाथ, भागलपुर

    उत्तर : आपको धुंआ और तंबाकू के गंध से एलर्जी है। उससे बचें। नोजल ड्रॉप डालें।

    प्रश्न : कान सबसबाता है, खुजली भी होती है।

    - गौरव मिश्रा, भ्रमरपुर

    उत्तर : कान की त्वचा सूखी रहने से खुजली या सबसबाहट होती है। सिफ्लॉक्स ड्रॉप डालें।

    प्रश्न : मां को लगातार छींक होने लगती है। नाक से पानी भी गिरता है।

    - अंजली, भागलपुर

    उत्तर : एलर्जी की वजह से ऐसा हो रहा है। जांच करवा लें। जिस चीज से आपको एलर्जी है उससे बचें।

    प्रश्न : कान में भारीपन लगता है। कभी-कभी पानी भी निकलता है।

    - राखी चौधरी, सबौर

    उत्तर : कान में वैक्स जमा हो गया होगा। इससे नाक की नली बंद होने से भारीपन लगने लगता है। नाक बंद कर मुंह में हवा भरने से कान की नली पर दबाव पड़ेगा। इससे नाक की नली खुल जाएगी।

    प्रश्न : मैं खिलाड़ी हूं। चार-पांच किलोमीटर दौड़ने के बाद छींक आने लगती है। सांस लेने में भी परेशानी होती है।

    - शैलेश कुमार यादव, नाथनगर

    उत्तर : जब भी दौड़ें नाक में नोजल ड्रॉप डाल कर दौड़ें।

    प्रश्न : कान बहता है। दवा लेने पर ठीक हो जाता है।

    - विरेंद्र मिश्रा, भागलपुर

    उत्तर : कान के पर्दे में छेद है। ऑपरेशन से ठीक हो जाएगा। अगर इलाज नहीं कराया जाएगा तो धीरे-धीरे श्रवण शक्ति कम होने लगेगी।

    प्रश्न : नाक में फुंसी हो गई है। रात में नाक बंद हो जाती है।

    - अभिनव राय, भगैया

    उत्तर : नाक में अंगुली डालने से नाक का बाल टूट जाता है। इससे फुंसी होने की संभावना रहती है। एंटीवायोटिक दवा का सेवन करें।

    प्रश्न : हमेशा सायनस रहता है और सिर दर्द करता है। छींक भी आती है।

    - शंभु, सुल्तानगंज

    उत्तर : गर्म पानी से भाप लेने से आराम मिलेगा। नाक में दवा भी डाल सकते हैं।

    प्रश्न : सात वर्ष की बच्ची है, कान में दर्द होता है।

    - विवेक, आदमपुर

    उत्तर : सर्दी की वजह से नाक और कान की नली बंद हो जाती है। इससे कान में दर्द होता है। कान में गंदगी भी हो सकती है। चिकित्सक से जांच करवा लें।

    प्रश्न : गला में गिल्टी एक सप्ताह से है। दर्द भी करता है।

    - सबीना, सराय

    उत्तर : गला में दर्द होने से गिल्टी होती है। संक्रमण की वजह से ऐसा हुआ है। हल्का गर्म पानी से गर्गिल करें।

    प्रश्न : कान में भारीपन लगता है और दर्द भी करता है।

    - पिंकी, भीखनपुर

    उत्तर : कान में गंदगी होगी, सफाई आवश्यक है।

    प्रश्न : दाएं जबड़ा में भारीपन लगता है। दर्द भी होता है।

    - पंकज, तिलकामांझी

    उत्तर : मोटे तकिया पर सोने की वजह से गर्दन में खिंचाव होने से ऐसा हुआ है। गर्दन ज्यादा देर तक झुका कर नहीं रखें।

    प्रश्न : आए दिन गले में खरास हो जाता है। खाने में अटकता भी है।

    - मनोज, सुल्तानगंज

    उत्तर : गैस की वजह से ऐसा अक्सर होता है। खाली पेट चाय नहीं पीएं। मसालेदार भोजन नहीं करें।

    प्रश्न : हमेशा कान में आवाज आती रहती है।

    - शैल सिंह, रामसर

    उत्तर : आप आवाज पर ध्यान नहीं दें। शांत इलाके में नहीं रहें। हो सकता है कान के पर्दे में छेद हो। चिकित्सक से जांच करवा लें।

    प्रश्न : स्नान करने के दो घंटे बाद छींक आने लगती है। ऐसा छह माह से हो रहा है।

    - त्रिभुवन, सराय

    उत्तर : एलर्जी की वजह से ऐसा हो रहा है। ठंडा पानी, केला और दही नहीं खाएं।

    प्रश्न : एक कान से सुनाई कम देता है। कान बहता भी है।

    - निलेश, बांका

    उत्तर : कान के पर्दे में छेद होने की वजह से कम सुनाई पड़ रहा है। पर्दे की सिलाई ऑपरेशन द्वारा करवानी पड़ेगी। कान में रूई डालकर स्नान करें ताकि कान में पानी नहीं जाए।

    प्रश्न : कंठ के समीप सूजन है। दर्द भी करता है।

    - दामोदर दास, विक्रमशिला

    उत्तर : टॉन्सिल बढ़ने से ऐसा होता है। हल्का गर्म पानी से गार्गिल करें।

    comedy show banner
    comedy show banner