विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यही है मिनी गन फैक्ट्री के मास्टरमाइंड, पुलिस ने जारी की तस्वीर, अब गिरफ्तारी का इंतजार

By Alok Kumar MishraEdited By: Yogesh Sahu
Published: Tue, 27 Dec 2022 10:09 PM (IST)

पुलिस की ओर से मिनी गन फैक्ट्री के मास्टरमाइंड की तस्वीर जारी कर दी गई है। हालांकि यह तस्वीर बहुत ...और पढ़ें

यही है मिनी गन फैक्ट्री के मास्टरमाइंड, पुलिस ने जारी की तस्वीर, अब गिरफ्तारी का इंतजार
यही है मिनी गन फैक्ट्री के मास्टरमाइंड, पुलिस ने जारी की तस्वीर, अब गिरफ्तारी का इंतजार

भागलपुर, जागरण संवाददाता। भागलपुर के नाथनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत चंपानगर में संचालित मिनी गन फैक्ट्री के मास्टरमाइंड की तस्वीर जारी कर दी है। मुंगेर से जुड़ी मिनी गन फैक्ट्री का भागलपुर में रहकर संचालन करने वाले मोहम्मद फैजल अंसारी की पहचान होने के बाद उम्मीद है कि पुलिस को उसकी गिरफ्तारी में बहुत ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। पिछले चार दिनों से गठित आठ सदस्यीय टीम मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पहचान नहीं होने की वजह से इस दौरान छापेमारी के नाम पर पुलिस खानापूर्ति कर रही थी। लेकिन अब फोटो से मुख्य आरोपित की पहचान होने से जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।

मुंगेर का रहने वाला मोहम्मद फैजल अंसारी नाथनगर इलाके में रहकर यहां मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहा था। मुंगेर का मूल निवासी फैजल का यहां ननिहाल है। यहां मकान बनाकर कुछ दिनों से यहीं रह रहा था। गन फैक्ट्री का संचालन उसी की देखरेख में चल रहा था।

इसमें उसने अपने शागिर्द मुंगेर जिला के कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला गुड्डू शर्मा को भी शामिल कर लिया था। बताया जाता है कि फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर गैरकानूनी तरीके से निर्मित हथियार भागलपुर और आसपास क्षेत्रों के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, पंजाब सहित अन्य प्रदेशों में तस्करी की जा रही थी।

वहीं, एक जगह से दूसरी जगह हथियार पहुंचाने के लिए लाचार और गरीब महिलाओं का सहारा लिया जाता था। कुरियर के रूप में उपयोग की जाने वाली महिला को 400 से 500 रुपये दिए जाते थे। पिछले शुक्रवार चंपानगर में एसटीएफ ने मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था।

फैक्ट्री से पुलिस ने 20 अर्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल बनाने वाली लैथ मशीन, दो मोबाइल सहित कई सामान को बरामद किया था। गन फैक्ट्री संचालन के आरोप में मुंगेर कोतवाली थाना क्षेत्र के गुड्डू शर्मा और झल्लू टोला तीनटंगा दियारा के संजय कुमार को गिरफ्तार किया था। लेकिन छापेमारी टीम को चकमा देकर मास्टरमाइंड फैजल अंसारी बड़ी संख्या में हथियार लेकर निकल गया था।

गौर करने की बात यह है कि पटना की एसटीएफ को भागलपुर में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पता चल जाता है। लेकिन नाथनगर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर काफी दिनों से चल रही मिनी गन फैक्ट्री की पुलिस को भनक तक नहीं लगी। यह भागलपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाता है। इधर, भागलपुर, मुंगेर सहित आसपास के इलाकों में मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दरोगा महताब खान को केस का जांचकर्ता बनाया गया है।

मुख्य आरोपित फैजल की पुलिस को तस्वीर मिल गई है। उसकी पहचान कर ली गई है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। -स्वर्ण प्रभात, एसपी सिटी