Bihar Chunav 2025: मोदी और नीतीश की जोड़ी से सबकी हवा टाइट, अबकी चुनाव में जीतेगी 225 सीटें; कर्पूरी ठाकुर के बेटे ने किया ऐसा एलान
Bihar Assembly Elections 2025 बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व कर्पूरी ठाकुर के बेटे केंद्रीय कृषि मंत्री राम नाथ ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार में खुशहाली लाई है। राज्य का चहुंमुखी विकास किया है। शाहकुंड के अंबेडकर स्टेडियम में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में रामनाथ ठाकुर सांसद गिरधारी यादव मंत्री जयंज राज सहित कई विधायकों ने भाग लिया।

संवाद सूत्र, शाहकुंड। Bihar Chunav 2025, Bihar Assembly Elections 2025 भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड के अंबेडकर स्टेडियम में बुधवार को आयोजित सुल्तानगंज विधानसभा एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह ने, जबकि मंच संचालन जदयू जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह एवं शैलेन्द्र तोमर ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार की प्रगति और विकास के लिए जो कार्य किए हैं, वह जनता के सामने स्पष्ट है। इस शासनकाल में बिहार की जनता ने राहत महसूस की है और खुशहाली आई है। बिहार में हर वर्ग का चहुंमुखी विकास हो रहा है। एनडीए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य सेवाओं में विकास कर रही है और नवयुवकों को रोजगार भी दे रही है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए को 225 सीटें लाकर भारी बहुमत से जीतने का आह्वान किया। बिहपुर विधायक इं शैलेंद्र ने 2005 के पूर्व और वर्तमान बिहार की तुलना करते हुए वोट देने का निर्णय लेने की अपील की। सांसद गिरधारी यादव ने कहा कि एनडीए सरकार में विकास की लहर दौड़ रही है। भवन निर्माण मंत्री जयंत राज ने कहा नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की ओर अग्रसर है। पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने 2005 के पहले के जंगल राज की चर्चा करते हुए वर्तमान सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित की। कलगांव विधायक पवन यादव ने भी एनडीए सरकार की प्रगति की बात की।
स्थानीय विधायक ललित मंडल ने सुल्तानगंज विधानसभा में किए गए विकास कार्यों की उपलब्धियां बताईं और कार्यकर्ताओं से इस बार भी बिहार में एनडीए की सरकार बनाने की अपील की। सभा को संबोधित करने वालों में पूर्व सांसद एवं विधायक सुबोध राय, हम पार्टी के राष्ट्रीय सचिव निलेश सिंह, हिमांशु पटेल, अजय राय सहित दर्जनों नेता शामिल थे। सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का संकल्प लिया।
पीरपैंती में दो खेमे में बंटे भाजपा कार्यकर्ता
पीरपैंती विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के संपन्न होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता दो खेमों में बंट गए हैं। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। भाजपा कार्यकर्ताओं के एक खेमे ने शेरमारी चौक पर बैठक आयोजित की, जिसमें मंडल अध्यक्ष हरे राम शर्मा, भाजपा नेता शिव बालक तिवारी, मुन्ना सिंह, सरपंच वरुण गोस्वामी, ऋषिकेश सिंह, पंकज सिंह, धीरेंद्र जयसवाल आदि शामिल हुए। उन्होंने पिछले दिन कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटे एनडीए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि पीरपैंती विधायक ललन पासवान ने पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं को मंच पर स्थान नहीं दिया, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
कार्यकर्ताओं के बीच विवाद गहराया
सम्मेलन में उन लोगों को सम्मानित किया गया, जो पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे। विधायक के इशारे पर ऐसा किया गया। जबकि वे कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता का श्रेय ले रहे हैं। ललन पासवान ने पलटवार करते हुए कहा कि मंच पर विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और एनडीए के तीनों घटक दलों के जिला और प्रदेश पदाधिकारियों को स्थान दिया गया। सभी विधानसभा के वरिष्ठ नेताओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह के बयान दे रहे हैं, उनकी हमेशा पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।