विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भागलपुर: जमानत पर बाहर आए युवक की मंदिर परिसर में धारदार हथ‍ियार से हत्या, बदमाशों ने ईंट से चेहरा कूचा

By Alok Kumar MishraEdited By: Prateek Jain
Published: Sun, 06 Aug 2023 07:17 PM (IST)

भागलपुर बबरगंज थानाक्षेत्र के अलीगंज गंगटी रोड स्थित मंदिर अलखधाम परिसर में हबीबपुर के भैरोपुर के रहने वाले जागेश्वर मंडल ...और पढ़ें

भागलपुर: जमानत पर बाहर आए युवक की मंदिर परिसर में धारदार हथ‍ियार से हत्या, बदमाशों ने ईंट से चेहरा कूचा
भागलपुर: जमानत पर बाहर आए युवक की मंदिर परिसर में धारदार हथ‍ियार से हत्या, बदमाशों ने ईंट से चेहरा कूचा

HighLights

  1. अलीगंज गंगटी रोड स्थित मंदिर अलखधाम परिसर में हुई वारदात
  2. बदमाशों ने लाश की पहचान छुपाने के लिए ईंट से रुपेश के चेहरे को कूचा

जागरण संवाददाता, भागलपुर: बबरगंज थानाक्षेत्र के अलीगंज गंगटी रोड स्थित मंदिर अलखधाम परिसर में हबीबपुर के भैरोपुर के रहने वाले जागेश्वर मंडल के पुत्र रुपेश मंडल उर्फ मुखिया मंडल (25) की बदमाशों ने हत्या कर दी।

बदमाशों ने धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या करने के बाद पहचान छुपाने के लिए ईंट से रुपेश चेहरे कूच दिया। चाकू से उसके सिर और छाती में तीन-चार जगहों में चाकू के प्रहार करने के जख्म के निशान पाए गए हैं।

कुरियर ब्‍वॉय की हत्‍या के केस का आरोपी है मृतक 

14 महीने पूर्व हबीबपुर थानाक्षेत्र में कुरियर ब्‍वॉय अजित यादव की हत्या केस का आरोपित रहा रुपेश डेढ़ महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

संयोग की बात यह है कि जिस दिन कुरियर ब्‍वॉय अजित की हुई थी, उस दिन भी रविवार होने के साथ ही समय भी लगभग वहीं था। रुपेश की हत्या सुबह 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच करने की बात बताई जा रही है।

घटना को लेकर मायागंज अस्पताल स्थित मृतक रुपेश की मां सुशीला देवी का फर्द बयान दर्ज कराया गया है, जिसमें अजित हत्याकांड के मुख्य आरोपित जेल में बंद भैरोपुर के दयानंद मंडल के पिता दिलीप मंडल और पड़ोसी मंटा उर्फ मंटू मंडल पर हत्या करने का आरोप लगा रही है।

रुपेश के घर के बाहर की गई रेकी

बताया जाता है कि हत्या को अंजाम देने से पहले मंटू मंडल रात दो बजे से ही रुपेश के घर से बाहर निकलने की रेकी कर रहा था। नगर डीएसरपी अजय चौधरी के नेतृत्व में बबरगंज, हबीबपुर की पुलिस और एक अन्‍य टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है।

सुशीला देवी ने पुलिस को बताया कि कुरियर ब्‍वॉय अजित हत्या मामले में मुख्य आरोपित दयानंद मंडल और उसके पुत्र रुपेश गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। डेढ़ महीने पहले उसके पुत्र को न्यायालय से जमानत मिल गई।

जमानत मिलने के बाद ही दयानंद के पिता दिलीप मंडल ने रुपेश को धमकी दी कि उसके पुत्र का जमानत तुमको कराना है, नहीं तो मार देंगे। रुपेश अजित हत्या मामले में दयानंद के विरुद्ध गवाही देने की बात कह रहा था।

इसी बात को लेकर पिछले 20-25 दिनों से दिलीप मंडल और पड़ोसी मंटू मंडल का उन लोगों से विवाद चल रहा था। तीन-चार दिन पहले भी रुपेश को जान से मारने की धमकी दी थी।

मजदूरी कर लौटा था रुपेश

शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बालू ढोकर रुपेश घर आया था। नहाने के बाद खाना खाकर रुपेश आंगन में ठेले पर सो गया। रविवार की सुबह रुपेश के पिता जागेश्वर मंडल, मां सुशीला देवी, बड़ा भाई मुकेश और भाभी सभी घर से सुबह नौ बजे धान की रोपनी के लिए खेत चले गए।

इसके बाद रुपेश भी घर से निकला और घर से करीब एक किलोमीटर दूर अलखधाम मंदिर के जैसे ही पहुंचा बदमाश उसे खींचकर मंदिर परिसर ले गया और उसकी निर्मम हत्या कर दी।

भैरोपुर के किसी व्यक्ति ने जागेश्वर मंडल को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य वहां पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना ईंट आदि जब्त किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वजन अजित हत्याकांड में जेल में बंद दयानंद पर जेल से ही रुपेश की हत्या की साजिश रचने की भी बात कह रहे हैं।

इधर, मृतक रुपेश की चाची भारती देवी ने पुलिस को बताया कि मंटू मंडल रात दो बजे ही रुपेश के घर के आसपास चक्कर लगा रहा था। वह मंटू के एक्टिविटी को वाच कर रही थी।

डीएसरपी, नगर अजय चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।