विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bhagalpur News: सेंटरिंग मिस्त्री की गोली मारकर हत्या, लहूलुहान हालत में मिला शव; झड़प के बाद हत्या की आशंका

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Tue, 13 Jun 2023 11:30 AM (IST)

भागलपुर के नाथनगर में सेंटरिंग मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के शरीर पर जख्म के कई ...और पढ़ें

Bhagalpur News: सेंटरिंग मिस्त्री की गोली मारकर हत्या, लहूलुहान हालत में मिला शव; झड़प के बाद हत्या की आशंका
Bhagalpur News: सेंटरिंग मिस्त्री की गोली मारकर हत्या, लहूलुहान हालत में मिला शव; झड़प के बाद हत्या की आशंका

नाथनगर (भागलपुर), संवाद सूत्र। भागलपुर के नाथनगर स्थित मधुसूदनपुर इलाके में मंगलवार अलसुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना इलाके के रामपुरखुर्द पंचायत स्थित रामपुर मुसहरी स्थित चकदाहा बहियार की है। सुबह शौच और टहलने के लिए निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

युवक जमीन की तरफ पेट के बल पर पलटा हुआ था। गांव के चौकीदार ने ग्रामीणों की मदद से उसे सीधा किया, तो शरीर खून से लथपथ था। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान झड़प के बाद गोली मारी गई है। मृतक के शरीर पर मारपीट के कई निशान भी पाए गए हैं। साथ ही उसका मोबाइल और नकदी भी गायब है। ऐसे में गोली मारने से पहले नवीन दास के साथ झड़प की आशंका को बल मिलता प्रतीत हो रहा है।

घटना की सूचना पर मधुसूदनपुर थानेदार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की सघन पड़ताल में जुट गए। शव मिलने की सूचना किसी तरह मृतक के स्वजन तक भी पहुंची, जिसके बाद मृतक की पत्नी, चाचा एवं अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

मृतक की पहचान इलाके के रामपुर खुर्द हरिजन टोला निवासी अनिल दास के 35 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार दास के रूप में की गई है। मृतक की पत्नी नीतू देवी ने बताया कि पति नवीन दास सेंटरिंग मिस्त्री का काम करते थे। नीतू ने बताया की हर दिन की तरह नवीन बीते सोमवार की सुबह भी काम पर गए थे और शाम करीब चार बजे घर वापस आ गए थे।

प्लाई करीदने घर से निकला था युवक 

इसके बाद प्लाई खरीदने के लिए अपने चाचा से 2950 रुपये उधार लिए और शाम साढ़े पांच बजे के करीब घर से निकले थे। हालांकि, रातभर घर नहीं लौटे। फोन स्विच ऑफ बता रहा था। काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। फिर सुबह ग्रामीणों से बहियार में शव मिलने की सूचना मिली। 

मृतक के चाचा प्रदीप दास ने बताया कि उनके परिवार से गांव के कई लोग ईर्ष्या करते थे। पूर्व में भी उनके दूसरे भतीजे के साथ मारपीट की थी। युवक की हत्या के बाद उसके दो पुत्र (10 वर्ष, 8 वर्ष) और एक पुत्री (3 वर्ष) के सिर से पिता का साया उठ गया है।

हत्या के बाद शव फेंकने की आंशका

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय भेज दिया। इस संबंध में मधुसूदनपुर ओपी इंचार्ज महेश कुमार ने बताया कि घटना को देखकर प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि युवक की किसी अन्य जगह हत्या की गई है और शव को देर रात रामपुर बहियार में लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस हर बिंदु की सघन तफ्तीश और बदमाशों को चिन्हित करने में जुट गई है।

नशेड़ियों पर सेंटरिंग मिस्त्री की हत्या का शक

वहीं, दबे जुबान ग्रामीणों में इस बात की चर्चा है कि मधुसूदनपुर इलाके में नशेड़ियों और जुआरियों का आतंक भी काफी बढ़ गया है। सुनसान इलाके में राहगीर को अकेला पाकर मादक नशे (स्मैक ,ब्राउन शुगर ,गांजा) में डूबे बदमाशों द्वारा लूट व मारपीट की बात आम हो गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।