बिहार के JLNMCH को मिली 150 MBBS सीटों की मंजूरी, भागलपुर मेडिकल कॉलेज से लापता 8 फैकल्टी की अब हो रही खोज
भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JLNMCH) को 150 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन की अनुमति मिल गई है। हालांकि, कॉलेज प्रबंधन को फैकल्टी की कमी और 8 डॉक्टरों की बायोमेट्रिक हाजिरी न होने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर प्राचार्य ने जांच के आदेश दिए हैं।

भागलपुर का जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज
HighLights
JLNMCH को 150 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन की अनुमति मिली।
8 फैकल्टी डॉक्टर बायोमेट्रिक हाजिरी से गायब, जांच जारी।
प्राचार्य ने नए हॉस्टल निर्माण के भी निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur JLNMCH MBBS Seats Faculty Attendance: भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (मायागंज) को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से एमबीबीएस की 150 सीटों पर नामांकन लेने की आधिकारिक अनुमति मिल गई है। इस बड़ी सफलता के साथ ही कॉलेज प्रबंधन के सामने फैकल्टी की कमी और उनकी बायोमेट्रिक हाजिरी को पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
शहर में रहकर भी बायोमेट्रिक हाजिरी से गायब हैं 8 डॉक्टर
मानक के अनुसार कॉलेज को 114 फैकल्टी की आवश्यकता है, जबकि यहाँ कागजों पर 84 फैकल्टी पंजीकृत हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से केवल 76 ही रोजाना मौजूद रहते हैं। अब कॉलेज प्रबंधन उन 8 फैकल्टी डॉक्टरों की तलाश में जुट गया है, जो शहर में रहने के बावजूद अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करा रहे हैं।
प्राचार्य ने दिए जांच के सख्त आदेश, 2 दिन में मांगी लिस्ट
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने तकनीकी टीम को इस लापरवाही की जांच का सख्त निर्देश दिया है। प्राचार्य ने कहा है कि ऐसे डॉक्टरों की सूची तैयार कर दो दिनों के भीतर सौंपी जाए, जो कॉलेज या अस्पताल तो आते हैं लेकिन हाजिरी नहीं बनाते। इसके बाद पहचान कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
सभी डॉक्टरों ने बनाई हाजिरी तो ही बचेगी कॉलेज की मान्यता
एनएमसी के कड़े नियमों के मुताबिक कॉलेज में कम से कम 75 प्रतिशत फैकल्टी की रोजाना उपस्थिति होना अनिवार्य है। इस मानक को पूरा करने पर ही कॉलेज की मान्यता बरकरार रहेगी। वर्तमान में 84 डॉक्टर होने के बावजूद 8 की अनुपस्थिति के कारण गिनती कम हो रही है, जिससे एनएमसी के मानक पर खतरा मंडरा रहा है।
प्राचार्य की रिपोर्ट पर उप सचिव ने दिए नए हॉस्टल के निर्देश
दूसरी ओर, प्राचार्य डॉ. संदीप लाल द्वारा पिछले दिनों किए गए हॉस्टलों के निरीक्षण के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। प्राचार्य ने दो हॉस्टलों को पूरी तरह जर्जर घोषित कर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी थी। इस पर राज्य स्वास्थ्य समिति के उप सचिव ने बीएमआइसीएल (BMICL) को पत्र लिखकर दो नए हॉस्टल जल्द बनाने के निर्देश दिए हैं।
लापरवाह फैकल्टी पर होगी कार्रवाई, किसी सूरत में नहीं मिलेगी छूट
संभावना जताई जा रही है कि एक महीने के भीतर नए हॉस्टल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मामले पर कोर्ट (बयान) देते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने स्पष्ट कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति नहीं बनाने वाले डॉक्टरों की पहचान की जा रही है। रिपोर्ट मिलते ही सभी को हर सूरत में हाजिरी बनाने का कड़ा निर्देश जारी होगा।
यह भी पढ़ें- भागलपुर JLNMCH में अब 150 सीटों पर होगा MBBS का नामांकन, NMC ने दी मंजूरी; आसान है काउंसलिंग प्रक्रिया
यह भी पढ़ें- बिहार के JLNMCH में पहली बार केटामिन थेरेपी से मानसिक रोगी का सफल इलाज, घंटे भर में बदल गया आत्महत्या के विचार
यह भी पढ़ें- विदेश से ली MBBS की डिग्री, अब भागलपुर के मेडिकल कॉलेज में करेंगे इंटर्नशिप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।