विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर JLNMCH में अब 150 सीटों पर होगा MBBS का नामांकन, NMC ने दी मंजूरी; आसान है काउंसलिंग प्रक्रिया

Published: Thu, 02 Jul 2026 06:15 AM (IST)

भागलपुर के जेएलएनएमसीएच में एमबीबीएस की सीटें 120 से बढ़कर 150 हो गई हैं, जिसे एनएमसी ने मंजूरी दे दी है। यह वृद्धि प्राचार्य डॉ. संदीप लाल के प्रयासों और कॉलेज में आधुनिक सुविधाओं के विकास के कारण संभव हुई है, हालांकि फैकल्टी की कमी पर चिंता जताई गई है।

भागलपुर का जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय

भागलपुर का जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय 

HighLights

  1. जेएलएनएमसीएच में एमबीबीएस सीटें 120 से 150 हुईं।

  2. एनएमसी ने दी मंजूरी, जुलाई 2026-27 सत्र से लागू।

  3. प्राचार्य के प्रयासों से संभव, फैकल्टी कमी पर चिंता।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय (जेएलएनएमसीएच) में अब 150 सीटों पर एमबीबीएस छात्रों का नामांकन होगा। डॉक्टर्स डे के मौके पर बुधवार देर शाम नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) ने कॉलेज के प्राचार्य, अधीक्षक समेत सभी चिकित्सकों को यह बड़ा तोहफा दिया है। एनएमसी ने ई-मेल भेजकर सीट बढ़ाने की आधिकारिक सहमति दे दी है।

जुलाई महीने के शैक्षणिक सत्र से ही लागू होगी व्यवस्था

अब जुलाई माह से शुरू होने वाले आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस छात्रों की नामांकन संख्या 120 से बढ़ाकर 150 कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और प्राचार्य के सार्थक प्रयासों का ही यह सुखद परिणाम है। बता दें कि सीटों को बढ़ाने का यह महत्वपूर्ण मामला पिछले पांच वर्षों से अधर में अटका हुआ था।

प्राचार्य डॉ. संदीप लाल के प्रयास से मिली सफलता

सीट वृद्धि का मामला अंततः प्राचार्य डॉ. संदीप लाल के निरंतर और नीतिगत प्रयासों से इस बार सफल रहा। एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने इसके लिए बकायदा 'लेटर ऑफ परमिशन' जारी कर दिया है। कॉलेज के आवेदन, पूर्व की निरीक्षण रिपोर्ट और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाओं के आधार पर यह अनुमति मिली है।

इन आधुनिक सुविधाओं के आधार पर किया गया था दावा

प्राचार्य ने नए सिरे से एनएमसी को आवेदन देकर सीटों में बढ़ोतरी का दावा ठोका था। इस दावे के साथ कॉलेज परिसर में विकसित किए गए संसाधनों और छात्र सुविधाओं की जानकारी तस्वीरों सहित दी गई थी। कॉलेज में क्लासरूम के लिए बेहतरीन भवन, तकनीकी कुशलता के लिए स्किल लैब और आधुनिक पुस्तकालय जैसी सुविधाएं बहाल की गई हैं।

कई विभागों में उपलब्ध कराई गई गूगल बोर्ड की सुविधा

इसके साथ ही कॉलेज के कई महत्वपूर्ण विभागों में गूगल बोर्ड की सुविधा दी गई है। इसके अलावा यदि कोई डॉक्टर दवाओं पर रिसर्च करना चाहते हैं, तो उसकी भी उन्नत व्यवस्था यहां उपलब्ध है। यानी एनएमसी के लगभग हर कड़े मानक को इस बार प्राचार्य के नेतृत्व में समय रहते पूरा कर लिया गया, जिसे काउंसिल ने भी स्वीकार किया।

आगामी 90 दिनों के भीतर कभी भी होगा भौतिक सत्यापन

सीट बढ़ाने की अनुमति देने के बाद यहां उपलब्ध संसाधनों का भौतिक सत्यापन करने के लिए अगले 90 दिनों के भीतर किसी भी दिन एनएमसी की टीम औचक निरीक्षण पर आ सकती है। इसको लेकर कॉलेज प्रबंधन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। निरीक्षण के मद्देनजर इससे जुड़े सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।

अनुमति के साथ ही एनएमसी ने फैकल्टी की कमी पर जताई चिंता

एनएमसी ने सीट बढ़ाने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन यहां स्टाफ की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए उसे जल्द दूर करने का निर्देश दिया है। एनएमसी के अनुसार, 150 सीटों के लिए 114 फैकल्टी की आवश्यकता है, जबकि यहां केवल 84 पंजीकृत हैं। इनमें से भी निरीक्षण के दौरान सिर्फ 76 फैकल्टी ही कॉलेज में उपस्थित पाए गए थे।

नामांकन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज (चेकलिस्ट)

प्रक्रिया का चरण मुख्य कार्य जिम्मेदारी
चरण 1: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन UGMAC पोर्टल पर नीट रोल नंबर के साथ पंजीकरण करना। छात्र स्वयं करेंगे।
चरण 2: चॉइस फिलिंग कॉलेज के विकल्प में JLNMCH भागलपुर को चुनना। छात्र की प्राथमिकता।
चरण 3: सीट अलॉटमेंट रैंक और आरक्षण के आधार पर कॉलेज मिलना। BCECEB बोर्ड।
चरण 4: रिपोर्टिंग व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन अलॉटमेंट लेटर के साथ कॉलेज में हाजिर होना। कॉलेज स्क्रूटनी कमेटी।

इन महत्वपूर्ण विभागों में खाली पड़े हैं प्रोफेसर के पद

रिपोर्ट के मुताबिक एनाटॉमी, एनेस्थीसिया, बायोकैमिस्ट्री, डेंटिस्ट्री, डर्मेटोलॉजी, नेत्र रोग, ईएनटी, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, फिजियोलॉजी और रेडियो-डायग्नोसिस जैसे मुख्य विभागों में प्रोफेसर ही नहीं थे। कुछ विभागों में फैकल्टी के पंजीकरण का भी अभाव मिला है। एनएमसी ने साफ किया है कि कॉलेज को इन कमियों को अविलंब दूर करना ही होगा।

प्रधान सचिव ने जारी किया आदेश, 3 माह में दूर होगी कमी

प्राचार्य ने फैकल्टी और संसाधनों की इस कमी की पूरी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी, जिसके बाद बुधवार को ही प्रधान सचिव ने निर्देश जारी कर दिए हैं। कॉलेज में छात्राओं के लिए हॉस्टल की कमी को देखते हुए बिहार सरकार की कार्य एजेंसी को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने को कहा गया है। वहीं फैकल्टी की कमी तीन महीने में दूर करने का आश्वासन मिला है।

50 सीटों से शुरू हुआ था सफर, अब मील का पत्थर

जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की शुरुआत महज पचास सीटों से हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे जैसे-जैसे यहां संसाधनों और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ, सीटों की संख्या भी बढ़ती चली गई। अब तक यहां 120 सीटों पर नामांकन होता था, जो अब 150 हो गया है। यहां के प्रोफेसर इसे कॉलेज के इतिहास में मील का पत्थर मान रहे हैं।

कॉलेज के इतिहास में आज का दिन बेहद बड़ा और ऐतिहासिक है। आगामी दिनों में एनएमसी का भौतिक निरीक्षण होना है, जिसको लेकर हमारी सारी तैयारियां पूरी हैं। जुलाई माह में होने वाले एमबीबीएस छात्रों के नामांकन के दौरान एनएमसी की सहमति के अनुसार अब पूरे 150 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा।

-

- डॉ. संदीप लाल, प्राचार्य, जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (भागलपुर)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।