Indian Railways: 3 घंटे देरी से पहुंची राजधानी एक्सप्रेस, 4 बार चेन पुलिंग, 50 बेटिकट यात्री जबरन चढ़े
Indian Railways News अपने पहले कामर्शियल रन में सैरंग-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस शनिवार को भागलपुर करीब 3 घंटे की देरी से पहुंची। इस दौरान चेन पुलिंग और 50 बेटिकट यात्रियों के जबरन चढ़ जाने से भारी हंगामा हुआ। आरपीएफ ने 4 युवकों को पकड़ा है। वहीं राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट का सांसद व अन्य ने माला पहनाकर भागलपुर स्टेशन पर स्वागत किया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Indian Railways News शनिवार को अपने तय समय शाम 6.10 बजे के स्थान पर 160 मिनट की देरी से रात 8.50 बजे भागलपुर पहुंची साप्ताहिक सैरंग-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस का भागलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक से खुलते ही चेन पुलिंग कर ट्रेन के परिचालन पर ब्रेक लगा दिया। दूसरी बार खुलने पर फिर चेन पुलिंग कर दी गई। इसकी वजह से ट्रेन 10 मिनट और विलंब हो गई। इस ट्रेन में 50 से अधिक लोग बिना टिकट के ही चढ़ गए थे।
गैरकानूनी तरीके से ट्रेन में चढ़ने वाले लोगों को उतरवाने के लिए टीटीई ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। सूचना पर आरपीएफ जवानों ने मोर्चा संभालते हुए गैरकानूनी तरीके से सवार लोगों को ट्रेन से उतारा। इस दौरान ट्रेन खुल गई। कुछ लोग चलती ट्रेन में ही उतरने लगे। पकड़े जाने के डर से कुछ लोगों ने फिर से चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। चेन पुलिंग करने के आरोप में आरपीएफ चार युवकों को पकड़ अपने साथ पोस्ट लेकर चली गई। दो बार चेन पुलिंग के कारण प्लेटफार्म पर अतिरिक्त 10 मिनट इस ट्रेन को रुकना पड़ा।
इधर, ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के बाद सांसद अजय कुमार मंडल, जदयू जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, प्रदेश जदयू उपाध्यक्ष बीनू विहारी, महिला मोर्चा की महासचिव अपर्णा कुमारी अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने ट्रेन के लोको पायलट अशोक कुमार पासवान व सहायक लोको पायलट अमित कुमार सिक्स (दोनों जमालपुर) का माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय, जय हिंद के नारे भी लगाए गए।
यह ट्रेन का बीते रविवार को स्पेशल (उद्घाटन) ट्रेन के रूप में भागलपुर पहुंची थी। अब यह नियमित रूप से चलेगी। इसके साथ ही भागलपुर रेलमार्ग सीधे पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम से जुड़ गया है। इससे पहले 2023 में अगरतला तेजस राजधानी का रूट बदलकर भागलपुर होकर रखा गया था। भागलपुर होकर पूर्वोत्तर के राज्य को जाने वाली ये छठी ट्रेन हैं। सैरंग से भागलपुर होते हुए दिल्ली जाने वाली इस ट्रेन का सफर भी मनमोहक है।
बता दें कि सैरंग-भागलपुर रेलमार्ग में कुल 48 सुरंगें, 55 बड़े पुल शामिल हैं। ये सभी गंगा और ब्रह्मपुत्र नदी पर पड़ते हैं। रेलमार्ग को इंजीयरिंग का चमत्कार कहा जा रहा है। सायरंग से भागलपुर होते हुए राजधानी का सफर 2510 किलोमीटर का है। जो 42 घंटे 20 मिनट में पूरा होता है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि सुरंगों की कुल लंबाई 12,853 मीटर है। इसमें एक पुल 104 मीटर की ऊंचाई पर है, जो कुतुब मीनार से 42 मीटर ऊंचा है। भागलपुर से अभी पांच ट्रेनें पूर्वोत्तर राज्य के अलग-अलग जगहों पर जाती हैं। जिसमें दो राजधानी एक्सप्रेस शामिल है।
भागलपुर से पूर्वोत्तर जाने वाली पांच ट्रेनें
- गुवाहाटी एक्सप्रेस (रविवार)
- गया-कामाख्या एक्सप्रेस (मंगलवार)
- ब्रह्मपुत्र मेल (रोजाना)
- अगरतला साप्ताहिक (सोमवार)
- तेजस राजधानी (गुरुवार)
- सैरंग राजधानी (शनिवार)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।