वर्षों से गुटखा खा कर रहा हूं, मुंह पूरी तरह नहीं खुला- मरीज के इस प्रश्न पर बोले डाक्टर-आपको कैंसर हो सकता है, संभलिए
दंत एवं पायरिया रोग विशेषज्ञ डा. अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि फास्ट फूड व मीठा पदार्थ खाने से दांत हो रहे खराब। गुखटा पान मसाला तंबाकू के सेवन से कैंसर होने की संभावना रहती है। इसका सेवन नहीं करें।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर में दंत एवं पायरिया रोग विशेषज्ञ डा. अभिषेक कुमार सिन्हा पाठकों से मुखातिब हुए। उन्होंने फोन के माध्यम से लोगों की समस्या का समाधान किया। उन्होंने कहा कि अगर हम फास्ट फूड और मीठा पदार्थ खाने से परहेज करेंगे तो दांतों में कीड़े लगने की संभावना काफी कम हो जाएगी। साथ नियमपूर्वक उपर से नीचे की तरफ ब्रश करेंगे तो दो दांतों के बीच अनकणों और गंदगी की सफाई अच्छी तरह होगी और पायरिया होने से रोका जा सकता है। ब्रश सही तरह से नहीं करने से मसूढ़ों में चोट लगती है और उसमें सूजन और दर्द होने लगता है। साथ ही मसूढे दांतों से नीचे की तरफ खिसकने लगते हैं। गुखटा, पान मसाला, तंबाकू आदि के सेवन से कैंसर होने की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि अगर मीठा पदार्थ खाएं, तो रात को सोने से पहले ब्रश जरूर कर लें।
प्रश्न : वर्षों से गुटखा का सेवन कर रहा हूं। मुंह पूरी तरह नहीं खुल रहा है। - राहुल सिंह, खंजरपुर
उत्तर : लगातार पान मसाला और गुटखा खाने से फाइब्रोसिस होने की संभावना रहती है। इससे गाल की मांसपेशियां सख्त हो जाती हैं, मुंह पूरा नहीं खुलता। इसे कैंसर के लक्षण की शुरुआत भी कह सकते हैं। दवा खाने से धीरे-धीरे मांसपेशियां ढीली होने लगती हैं। तत्काल गुटखा खाना छोड़ दें।
प्रश्न : मसूढ़ा में सूजन, बदबू भी है और खून भी आता है। - सुमन, तिलकामांझी
उत्तर : पायरिया का लक्षण है। दांतों की सफाई करवा लें। मसूढ़ा से खून निकलना, सूजन और बदबू होना इसके लक्षण हैं।
प्रश्न : पुत्र की उम्र 13 वर्ष है। सामने के दो दांत बाहर की तरफ निकले हुए हैं। - रेहाना, शाहबाजनगर
उत्तर : बढ़ती उम्र के साथ कभी-कभी ऐसा होता है। दांत टेढ़े-मेढ़े होने लगते हैं या भद्दे दिखाई देते हैं। तार लगाकर दांतों को सीधा किया जा सकता है।
प्रश्न : दांत पीले हो रहे हैं। दुर्गंध नहीं है। - प्रिय निशांत, खरीक
उत्तर : पानी में फ्लोराइड की मात्रा ज्यादा होने और उसे लगातार पीने की वजह से दांत का रंग बदलने लगता है और वे पीले होने लगते हैं। दांतों की सफाई करवाने पर फिर सफेद रंग वापस आ जाता है।
प्रश्न : 12 वर्ष की बेटी है, दांत काले होने लगे हैं। - अकरम वारसी, हबीबपुर
उत्तर : बाजार की खाद्य सामग्रियों में केमिकल होता है। जो दांतों को प्रभावित करता है। कीड़ा भी लग सकता है। इसलिए बाहर की सामग्री नहीं खाने दें। साथ ही दांत की सफाई करवा लें।
प्रश्न : मेरी उम्र 28 वर्ष है। दांत के रंग पीले हैं, खून निकलता है। - चंदन कुमार भारती, मिरजानहाट
उत्तर : पायरिया है। इसके अलावा दांत में चोट लगने से मसूढ़ा से खून निकल सकता है। इलाज करवा लें।
प्रश्न : गर्म और ठंडा पानी पीने से दांत कनकनाने लगते हैं। दर्द भी होता है। - ललित कुमार साह, मुंदीचक
उत्तर : दांत की परत के झडऩे की वजह से ऐसा होता है। कीड़े भी लग सकते हैं। एक्सरे करवाने से बीमारी की जानकारी मिलेगी। अगर कीड़े लगे हैं तो रूट केनाल ट्रीटमेंट से ठीक हो जाएगा।
प्रश्न : मुझे मधुमेह है और दो दांतों के बीच अन्न फंसता है। - सरोज, लाजपत पार्क
उत्तर : दांत निकालने पड़ सकते हैं। गंदगी की वजह से भी ऐसा हो सकता है। दांत की सफाई ब्रश से उपर से लेकर नीचे की तरफ करें। इससे गंदगी निकल जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (1)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।