Bihar Flood: बाढ़ से बचे तो घड़ियाल ने किया हमला, नाथनगर में पांच लोग अस्पताल में भर्ती
बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर में बाढ़ पीड़ितों पर घड़ियाल ने हमला कर दिया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के अनुसार वे अपने घरों से सामान निकालने जा रहे थे तभी घड़ियाल ने हमला कर दिया। पीड़ितों ने बताया कि हिम्मत से उन्होंने अपनी जान बचाई।

संवाद सूत्र, नाथनगर। थाना क्षेत्र के लालूचक से पलायन कर रहे बाढ़ पीड़ितों पर रविवार को घड़ियाल ने हमला बोल लिया। इस घटना में पांच लोग जख्मी हो गए। इनमें लालूचक निवासी प्रमोद कुमार, श्रुति कुमारी, चंदा देवी, आकाश कुमार और किशोर मंडल शामिल हैं। घायलों को JLNMCH में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जख्मियों ने बताया कि घर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। अधिकांश समान अभी भी घर में ही है। जरूरी सामान निकलाने के लिए हमलोग महाशय ड्योढ़ी से घर आना-जाना करते रहते हैं। रविवार को भी कुछ सामान लेकर घर से आ रहे थे, तभी घड़ियाल ने हमला कर दिया। काफी संघर्ष के बाद हमलोग किसी तरह मौत के चंगुल से छूटकर निकलने में सफल रहे।
जख्मी प्रमोद मंडल ने बताया कि घड़ियाल ने मेरा हाथ पकड़ लिया था। किशोर ने कहा, अचानक हुए हमले में कुछ समझ नहीं आया। बड़े से जीव पर जब नजर पड़ी, तो एक समय तो लगा कि अब जिंदा बचना मुश्किल है, भगवान का शुक्र है कि किसी तरह जान बच गई। घड़ियाल मुझे पानी के अंदर ले जाने का प्रयास कर रहा था। श्रुति और चंदा ने कहा कि आज हिम्मत ने जान बचा दी। अगर जरा भी हिम्मत हारते तो घड़ियाल हमलोगों को अपना शिकार बना लेता।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।