Bhagalpur News: गंगा के जलस्तर में आ रही कमी, कई इलाकों जलभराव और किचन बंद होने से लोगों में रोष
कहलगांव भागलपुर में गंगा और सहायक नदियों का जलस्तर घट रहा है पर गंगा अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। बाढ़ पीड़ितों को राहत नहीं मिली है क्योंकि गांव जलमग्न हैं और कीचड़ से भरे हुए हैं। सामुदायिक किचन बंद होने से पीड़ितों में रोष है और उन्होंने प्रशासन से इसे फिर से शुरू करने की मांग की है।

संवाद सूत्र, कहलगांव (भागलपुर)। कहलगांव में गंगा और इसकी सहायक नदियों कुआ, घोघा, गेरूआ, भयाना का जलस्तर लगातार घट रहा है। हालांकि, गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 1 मीटर 11 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है। अभी लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है।
जलस्तर में प्रति घंटा एक सेंटीमीटर की कमी आ रही है, लेकिन बाढ़ की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। गांवों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे निकलने लगा है, जिससे प्रभावित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
बीरबन्ना पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल ने बताया कि अनठावन गांव अभी भी जलमग्न है और चारों ओर बाढ़ का पानी फैला हुआ है। सामुदायिक किचन बंद होने से बाढ़ पीड़ितों में प्रशासन के प्रति रोष देखा जा रहा है।
पीड़ितों का कहना है कि घर और रास्ते कीचड़ से भरे हुए हैं, जिससे खाना बनाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कम से कम एक सप्ताह तक सामुदायिक किचन चलाने की मांग की है।
अंचलाधिकारी सुप्रिया ने बताया कि जहां राशन उपलब्ध है, वहां किचन चलाया जाएगा। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, शनिवार की संध्या तक गंगा का जलस्तर 32 मीटर 20 सेंटीमीटर था, जो खतरे के निशान से 1 मीटर 11 सेंटीमीटर ऊपर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।