मधेपुरा-अररिया में भीषण आगलगी: झुलसने से एक महिला और एक मासूम की मौत
मधेपुरा-अररिया में भीषण आगलगी की घटना हुई है। कई घर जल गए। आग लगने से एक महिला और एक मासूम की मौत हो गई। मधेपुरा में महिला की मौत बच्ची झुलसी। अररिया में एक वर्ष के मासूम की मौत।

जागरण टीम, भागलपुर। मधेपुरा व अररिया में घर में लगी आग से झुलसकर दो लोगों की मौत हो गई। मधेपुरा में एक महिला की मौत हुई है, जबकि एक आठ वर्षीया बच्ची जख्मी हुई है। अररिया में झुलसकर साल भर के एक मासूम की मौत हो गई। मधेपुरा में अलाव की चिंगारी व अररिया में शाट सर्किट से आग लगी।
मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित सिंहपुर गढिय़ा पंचायत के गढिय़ा में रविवार की रात पुआल के अलाव से निकली चिंगारी से बिजल राम के घर में आग लग गई। इस दौरान घर सोई बिजल की पत्नी अल्खी देवी(45) एवं नातिन उजाला कुमारी (8) झुलस गईं। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र, कुमारखंड में इलाज के लिए भर्ती कराया। यहां से अल्खी देवी को मधेपुरा रेफर कर दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
इधर, अररिया रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के परसाहाट पंचायत के बेंगवाही गांव में सोमवार को आग लगने से एक ही परिवार के दो घर जलकर राख हो गया। अगलगी की इस घटना में एक साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी। मृतक मासूम परसाहाट पंचायत के बेंगवाही गांव निवासी बेनी ऋषिदेव का एक वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार था। घटना को लेकर मृतक मासूम के स्वजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर बेनी ऋषिदेव की पत्नी रीना देवी अपने घर में बच्चे को बिस्तर पर सुला कर बगल के खेत में धान काटने गयी थी।
इस दौरान बिजली के शार्ट सर्किट से उनके घर में आग लग गयी। जिस वक्त आग लगी उस समय गांव के अधिकांश लोग घर से बाहर खेत में धान काटने गए थे। इस कारण आग बेनी ऋषिदेव के घर में तेजी से पकड़ लिया। आग की लपटें उठने पर गांव के लोग जुटे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगलगी की घटना में बेनी ऋषिदेव के घर कुछ नहीं बचा। घर में रखे अनाज, बर्तन, कपड़े, गहने के साथ दस हजार रुपये नगद जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया की बेनी मजदूरी कर गुजरा करता है। चार महीने पहले पंजाब गया था। अभी भी पंजाब में ही है। घटना के बाद मृतक मासूम की मां व अन्य स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर रानीगंज थानाध्यक्ष कौशल कुमार, अंचलाधिकारी मनोज कुमार बर्णवाल, स्थानीय मुखिया अनमोल रजक घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। सीओ मनोज कुमार वर्णवाल ने बताया कि अग्निपीडि़त को जल्द मुआवजा दिया जायेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।