विक्रमशिला सेतु बंद होने से परेशानी के बीच राहत, 3 घाटों में जहाज से बाइक ले जाने पर पाबंदी हटी
गंगा नदी में जलस्तर वृद्धि और कटाव की स्थिति की समीक्षा के बाद विक्रमशिला सेतु पर आवागमन की परेशानी के बीच राहत मिली है।

जहाज बियाडा घाट से महादेवपुर घाट के लिए रवाना । जागरण
HighLights
तीन घाटों पर बाइक के साथ फेरी सेवा फिर से शुरू।
विक्रमशिला सेतु पर आवागमन की परेशानी में मिलेगी राहत।
गंगा जलस्तर और कटाव की स्थिति की समीक्षा के बाद निर्णय।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन की परेशानी के बीच राहत की खबर है। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव की स्थिति को देखते हुए तीन घाटों पर बाइक के साथ फेरी सेवा के परिचालन पर लगाई गई रोक हटा ली गई है।
रविवार, 11 अक्टूबर से बियाडा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और नवगछिया के जाह्नवी चौक घाट से बाइक के साथ फेरी सेवा का परिचालन फिर शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही इन घाटों पर बाइक के आवागमन पर लगी पाबंदी समाप्त हो जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि तीनों घाटों पर बाइक के परिचालन पर रोक की अवधि 10 अक्टूबर तक निर्धारित थी।
वर्तमान परिस्थितियों की समीक्षा के बाद प्रशासन ने अगले दिन से सेवा बहाल करने का निर्णय लिया है। इससे गंगा के दोनों ओर आने-जाने वाले बाइक सवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के कारण आवागमन प्रभावित होने के बीच फेरी सेवा लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प बनी हुई है।
कटाव रोकने के लिए चल रहे सुरक्षात्मक कार्य
नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग और बाढ़ नियंत्रण की टीम लगातार सुरक्षात्मक कार्य कर रही है।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि सड़क और आवागमन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु बंद होने से नवगछिया में इलाज का संकट, 9 दिन में 45 गंभीर मरीज पूर्णिया रेफर, एक्सरे मशीन भी ठप
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम 24 घंटे जारी, तय समय में आवागमन शुरू करने की प्लानिंग
