OTT पर खूब गर्दा मचा रही सुपौल की बेटी प्रिया मल्लिक, गाया था फिल्म भुज के लिए शंकर महादेवन संग उम्दा Song
सुपौल की बेटी प्रिया मल्लिक इन दिनों ओटीटी प्लेटफार्म पर छायी हुई है। अपने पैतृक गांव पहुंची प्रिया मल्लिक ने गांव की खूबसूरती को निहारा और यहां कुलदेवी की पूजा भी की। पूजा मल्लिक ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

राजेश कुमार, सुपौल : सुपौल की बेटी प्रिया मल्लिक के द्वारा गाए हुए गाने देश दुनिया के सभी महत्वपूर्ण आडियो ओटीटी प्लेटफार्म पर स्ट्रीम कर रहे हैं। स्टार भारत चैनल पर प्रसारित और डिज्नी प्लस हाटस्टार पर स्ट्रीम हो रहे कार्यक्रम ओम शांति ओम सिंगिंग रियलिटी शो से लोकप्रिय हुई प्रिया देश के जाने-माने संगीतकारों के साथ-साथ पाश्र्व गायन में सक्रिय हैं। इन्होंने हिंदी, अंग्रेजी, मैथिली, भोजपुरी, पंजाबी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ गुजराती, बंगाली सहित देश की कई लोक भाषाओं में गाने रिकार्ड किए हैं। इन्हें कई सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं जिससे स्थानीय लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल वे अपनी कुलदेवी की पूजा करने के लिए सदर प्रखंड के जगतपुर गांव आई हुई थीं।
स्थानीय कोसी रोड निवासी भारत भूषण मल्लिक की बेटी प्रिया के ओटीटी प्लेटफार्म पर स्ट्रीम कर रहे गाने आजु मिथिला नगरिया निहाल सखिया, ए पहुना यही मिथिले में रहू ना, सोहर, अरजि अरजि भोला केकरा के देई छी में इनके मिथिला के प्रति सम्मान झलकता है। संस्कृत में दुर्गा सप्तशती का कवच स्तोत्र का पाठ भी लोगों को खूब भा रहा है। ये बालीवुड की तेजी से लोकप्रिय हो रही गायिकाओं में से एक हैं जिनके इंटरनेट मीडिया के लाखों फालोअर्स अपना प्यार और सम्मान देते हैं।
स्टार भारत चैनल पर प्रसारित और डिज्नी हाटस्टार पर स्ट्रीम हो रहे कार्यक्रम ओम शांति ओम सिंगिंग रियलिटी शो से लोकप्रिय हुई प्रिया देश-दुनिया के बड़े मंचों पर अपनी आवाज का जादू बिखेर रही हैं। फिल्म भुज में शंकर महादेवन संग गाए गीत को जनता के साथ-साथ कई राजनेताओं द्वारा सराहा गया। फिल्मी संगीत के साथ-साथ बिहार और उत्तर प्रदेश के लोकगीतों को नए अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए भी ये चर्चा में हैं।
भारतीय संस्कृति को अपने संगीत और वक्तव्य के माध्यम से युवा पीढ़ी में प्रचारित और प्रसारित करने के लिए इनकी सराहना होती है। जयपुर घराने से भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ग्रहण करने के बाद भी इन्हें जैज, ब्लूज, राक एंड रोल जैसी वेस्टर्न गायिकी में भी महारत हासिल है। सरस्वती बाई दादा साहब फाल्के सम्मान, आधी आबादी बेस्ट सिंगर सम्मान, ग्लोबल यूथ आइकान अवार्ड, महादेवी वर्मा युवा प्रतिभा सम्मान सहित कई सम्मान इनकी झोली में है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।