Chhath Puja Prasad में सेहत का खजाना, आंवला बढ़ाएगा पोषण तो हल्दी में हैं एंटीऑक्सीडेंट गुण
Chhath Puja Prasad Benifits: छठ पूजा के प्रसाद में शामिल ठेकुआ, आंवला, केला जैसे फल और पकवान केवल आस्था ही नहीं, बल्कि सेहत का भी खजाना हैं।

छठ के प्रसाद में सेहत का खजाना, आंवला बढ़ाएगा पोषण तो हल्दी में हैं एंटीऑक्सीडेंट गुण (AI Generated Image)
परिमल सिंह, भागलपुर। छठ पूजा (Chhath Puja 2026) में सूप और डाला में सजने वाले फल और पकवान केवल आस्था, शुद्धता और परंपरा के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी इनका खास महत्व है।
ठेकुआ में मौजूद कार्बोहाइड्रेट, आंवला का विटामिन-सी, केले का पोटेशियम और सिंघाड़े का फाइबर शरीर को ऊर्जा देने के साथ जरूरी पोषक तत्व भी उपलब्ध कराते हैं।
वहीं, गन्ना और नारियल शरीर को ऊर्जा और खनिज प्रदान करते हैं, जबकि हल्दी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं। बदलते मौसम में छठ के प्रसाद में शामिल ये पारंपरिक खाद्य पदार्थ मौसमी खानपान और पोषण का भी खजाना हैं।
छठ में सूर्यदेव को नई फसल और मौसमी फलों का भोग लगाने की सदियों पुरानी परंपरा रही है। इस पर्व का सबसे प्रमुख प्रसाद (Chhath Puja Prasad) ठेकुआ है, जिसे गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है। गेहूं का आटा कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है, जबकि गुड़ शरीर को ऊर्जा देता है।
सर्दियों की शुरुआत के साथ गुड़ का सेवन पारंपरिक खानपान का अहम हिस्सा भी रहा है। इसी तरह केले में मौजूद पोटेशियम मांसपेशियों के लिए उपयोगी है, जबकि इसका फाइबर पाचन के लिए उपयोगी है।
गन्ने में प्राकृतिक शर्करा के अलावा कुछ खनिज तत्व भी पाए जाते हैं। नारियल फाइबर और पोषक तत्वों का स्रोत है।
आंवला से सिंघाड़े तक, हर प्रसाद की अपनी खासियत
फिजिशियन डॉ. विनय कुमार झा ने बताया कि छठ में चढ़ाए जाने वाले फल और खाद्य पदार्थ पोषण के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण हैं। आंवला विटामिन-सी का अच्छा स्रोत है। इसमें आयरन, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे खनिज तत्व भी पाए जाते हैं।
इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में मदद करते हैं। वहीं, हल्दी में मौजूद करक्यूमिन एक महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट तत्व है। इसके संभावित कैंसररोधी प्रभावों को लेकर भी वैज्ञानिक शोध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गन्ने में सुक्रोज, ग्लूकोज और फ्रक्टोज जैसी प्राकृतिक शर्करा पाई जाती हैं, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करती हैं। इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम सहित अन्य खनिज तत्व भी मौजूद होते हैं।
नारियल और नारियल पानी शरीर को तरल पदार्थ और खनिज उपलब्ध कराने में मदद करते हैं। वहीं, सिंघाड़े में पानी, फाइबर और पोटेशियम पाया जाता है, जो पाचन और शरीर में तरल संतुलन बनाए रखने में सहायक है।
डाभ और नींबू भी मौसमी पोषण के स्रोत
छठ की प्रसाद सामग्री में आंवला, हल्दी, डाभ और नींबू जैसे मौसमी खाद्य पदार्थों का भी विशेष महत्व है। डाभ का पानी शरीर में तरल पदार्थों की पूर्ति में मदद करता है, जबकि नींबू विटामिन-सी का स्रोत है।
इस तरह छठ में चढ़ाए जाने वाले फल और पकवान धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति से जुड़ी पारंपरिक खानपान संस्कृति और मौसमी पोषण की समृद्ध विरासत को भी सामने लाते हैं।
यह भी पढ़ें- छठ पूजा में नहाय-खाय पर जरूर बनता है लौकी-भात, इस आसान रेसिपी से बनाएं लौकी-चना दाल की स्वादिष्ट सब्जी
यह भी पढ़ें- एक सपना और दान कर दी पूरी रिटायरमेंट पूजी, SBI के पूर्व मैनेजर ने PF के पैसों से बनवाया सूर्य मंदिर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।