एक सपना और दान कर दी पूरी रिटायरमेंट पूजी, SBI के पूर्व मैनेजर ने PF के पैसों से बनवाया सूर्य मंदिर
राम किशोर सिंह ने अपनी सेवानिवृत्ति के बाद मिली पीएफ की पूरी राशि से लखीसराय के पोखरामा गांव में भव्य ...और पढ़ें

सपने को संकल्प बनाया, रिटायरमेंट की पूरी पीएफ राशि से बनवा दिया सूर्य मंदिर (AI Generated Image)
HighLights
सेवानिवृत्त एसबीआई प्रबंधक राम किशोर सिंह ने मंदिर बनवाया।
पीएफ की पूरी राशि मंदिर निर्माण में समर्पित की।
छठ महापर्व पर हजारों श्रद्धालु यहां अर्घ्य देते हैं।
अनुराग आनंद, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। छठ महापर्व में जब श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर आराधना करते हैं, तब सूर्यगढ़ा प्रखंड के पोखरामा गांव स्थित सूर्य मंदिर की महत्ता और बढ़ जाती है।
शिवगंगा तालाब के तट पर बना यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के असाधारण त्याग और संकल्प की कहानी भी है।
इस मंदिर के निर्माण के पीछे भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक राम किशोर सिंह की ऐसी साधना जुड़ी है, जिन्होंने अपने सपने को साकार करने के लिए सेवानिवृत्ति के बाद मिली भविष्य निधि (पीएफ) की पूरी राशि तक समर्पित कर दी।
जिस धनराशि को लोग बुढ़ापे का सहारा बनाकर रखते हैं, उसी से उन्होंने भगवान भास्कर का भव्य मंदिर बनवाया। आज यही मंदिर छठ के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है।
आठ वर्षों तक संजोया सपना, पीएफ की पूरी राशि से पूरा किया संकल्प
राम किशोर सिंह को वर्ष 1998 में लगातार सपने में गांव के समीप ऐतिहासिक शिवगंगा तालाब के किनारे भगवान सूर्य का मंदिर बनाने का संकेत मिला। इस स्वप्न ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी। बाद में एक साधु के मार्गदर्शन और प्रेरणा से मंदिर निर्माण का संकल्प और दृढ़ हुआ।
दो अप्रैल 2000 को रामनवमी के अवसर पर मंदिर की आधारशिला रखी गई। आर्थिक कठिनाइयों के कारण निर्माण कार्य बीच में बाधित भी हुआ, लेकिन उनका संकल्प नहीं टूटा।
वर्ष 2006 में भारतीय स्टेट बैंक, पटना से मुख्य प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने अपनी पीएफ की पूरी राशि मंदिर निर्माण में लगा दी। वर्षों की नौकरी से अर्जित अपनी जमा-पूंजी को निजी जरूरतों के बजाय आराध्य के मंदिर के लिए समर्पित करना उनके त्याग का सबसे बड़ा उदाहरण बना।
आखिरकार 11 मई 2006 को मंदिर निर्माण पूरा हुआ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान सूर्य की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस तरह आठ वर्षों पहले देखा गया सपना भव्य धार्मिक स्थल के रूप में साकार हो गया।
सात घोड़ों के रथ पर विराजमान 700 किलो के भगवान भास्कर
पोखरामा का सूर्य मंदिर अपनी प्रतिमा और धार्मिक संरचना के कारण विशिष्ट पहचान रखता है। मंदिर को सूर्य पंचायतन मंदिर के रूप में जाना जाता है। इसका मुख्य प्रवेश द्वार पूर्व दिशा की ओर है। गर्भगृह में भगवान भास्कर की लगभग 700 किलोग्राम वजनी संगमरमर की विशाल प्रतिमा स्थापित है।
इसमें सूर्यदेव सात घोड़ों से युक्त रथ पर विराजमान हैं। मंदिर परिसर में भगवान गणेश, मां दुर्गा, भगवान विष्णु और भगवान शिव की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। पांच प्रमुख देवी-देवताओं की उपस्थिति के कारण इसे पंचदेव मंदिर भी कहा जाता है।
शिवगंगा तालाब पर छठ में जुटते हैं हजारों श्रद्धालु
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसके समीप स्थित ऐतिहासिक शिवगंगा तालाब है। छठ महापर्व के दौरान यहां का दृश्य श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। लखीसराय, मुंगेर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों छठव्रती और श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
तालाब के तट पर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान पारंपरिक छठ गीतों, दीपों की रोशनी और सूर्यदेव के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठता है।
एक सपना, एक संकल्प और पूरे क्षेत्र की पहचान
पोखरामा का सूर्य मंदिर इस बात की मिसाल है कि व्यक्तिगत आस्था जब दृढ़ संकल्प और त्याग से जुड़ती है तो उसका स्वरूप सामूहिक विरासत में बदल जाता है।
राम किशोर सिंह ने अपनी जीवनभर की कमाई मंदिर निर्माण में लगाकर इसे केवल धार्मिक स्थल नहीं रहने दिया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए समर्पण की कहानी बना दिया। अब वे नहीं रहे, लेकिन उनकी कीर्ति कायम है।
छठ के अवसर पर जब हजारों श्रद्धालु शिवगंगा तालाब में सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तब इस मंदिर के निर्माण के पीछे छिपा त्याग भी अनायास स्मरण हो उठता है। एक व्यक्ति के सपने से शुरू हुई यह यात्रा आज पूरे क्षेत्र की आस्था और पहचान का हिस्सा बन चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।