Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ब्रेन ट्यूमर : सिर में चोट लगे तो न करें अनदेखी, न्यूरो सर्जन डा. पंकज ने कहा - गर्दन में दर्द हो तो तकिया का करें प्रयोग

    By Dilip Kumar ShuklaEdited By:
    Updated: Mon, 20 Jun 2022 08:02 AM (IST)

    जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के सहायक प्राध्यापक न्यूरो सर्जन डा. पंकज कुमार ने कहा कि ब्रेन ट्यूमर खतरनाक है। कहा कि सिर में चोट लगे तो तुरंत इलाज कराएं। तकिया का करें प्रयोग अगर आपको गर्दन में दर्द है तो।

    Hero Image
    न्यूरो सर्जन डा. पंकज कुमार ने ब्रेन ट्यूमर के बारे में दी कई महत्‍वपूर्ण जानकारी।

    जागरण टीम, भागलपुर। दैनिक जागरण कार्यालय में प्रश्न पहर का आयोजन किया गया। जिसमें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के सहायक प्राध्यापक न्यूरो सर्जन डा. पंकज कुमार पाठकों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या किसी कारणवश सिर में चोट लग जाए तो अनदेखी नहीं करें। क्योंकि चोट लगने से कभी-कभी खून जम जाता है और थक्का बनने लगता है। इससे सिर में दर्द, लकवा, मिर्गी होने की संभावना रहती है। ब्रेन ट्यूमर होने की भी संभावना बढ़ जाती है। याददास्त कमजोर होने लगती है। चोट लगने के एक माह से लेकर एक वर्ष या इससे अधिक समय तक बीमारी होने की संभावना रहती है। हालांकि छोटे बच्चों के गिरने से सिर में चोट लगने के अधिकांश मामलों में देखा गया है कि उन्हें कोई परेशानी नहीं होती। क्योंकि बच्चों के सिर की हड्डी मुलायम होती है। लिहाजा चोट लगने से प्रभाव कम पड़ता है। इसकी तुलना में वयस्कों के सिर में चोट लगने पर रक्त नलिकाओं में गांठ बन सकते हैं। चोट लगने पर अगर बीमारी होती है तो सिर में दर्द या उल्टी होती है। सीटी स्कैन या एमआरआई कराने से बीमारी की जानकारी मिलती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रश्न : रात में सोने के समय गर्दन में दर्द होने लगता है। साथ ही हाथ में झुनझुनी होने लगती है। बिना तकिया लिए सोता हूं। - विभाष मिश्रा, रजौन

    बिना तकिया के नहीं सोएं। हल्का और पतला तकिया लें। तकिया को मोड कर गर्दन के नीचे नहीं रखें। गले का व्यायाम चिकित्सक की सलाह पर करें। कालर पहनने से भी आराम मिल सकता है। अधिक परेशानी हो रही है आपरेशन कराना पड़ सकता है। एमआरआइ करवाने से जानकारी मिलेगी कि नस पर कितना दबाव पड़ रहा है।

    प्रश्न : चलने में पैर में दर्द और झुनझुनाहट होती है। एक वर्ष से ऐसा हो रहा है। पैर में हल्का सूजन भी हो जाता है। - राखी कुमारी, अकबरनगर

    विटामिन डी की कमी से ऐसा हो सकता है। सीढ़ी पर ज्यादा नहीं चढं़े। एक्सरे करवाने पर और जानकारी मिल सकती है। धूप में रहने से भी विटामिन डी की कमी पूरी होगी। सुबह की धूप में विटामिन ज्यादा मिलेगी।

    प्रश्न : दाहिने हाथ में झनझनाहट पिछले दो माह से हो रही है। कभी-कभी दर्द भी करता है। - महेंद्र, बरारी

    गर्दन की नस दबने पर हाथ में झनझनाहट होती है। ज्यादा दिनों तक रहने पर हाथ और पैर भी धीरे-धीरे प्रभावित होने लगते हैं। जब ब्रेन में कोई समस्या होती है तब यह बीमारी होती है। चिकित्सक से दिखवा लें।

    प्रश्न : रोटी बनाते समय सिर में चक्कर और कमर में दर्द होने लगता है। तीन माह से ऐसा हो रहा है। - कुमकुम कुमारी, कहलगांव

    ज्यादा देर तक खड़ा होने से पैर में दर्द होता है। कैल्शियम या विटामिन डी की कमी से भी ऐसा होता है। व्यायाम करें। विटामिन डी का टेबलेट खाएं और धूप का सेवन करें।

    प्रश्न : जब पैर में दर्द होता है तो अंगुली टेढ़ी होने लगती है। धीरे-धीरे पूरे शरीर में दर्द होता है। - आशा देवी, कहलगांव

    अस्पताल में खून की जांच करवा लें। रिपोर्ट से बीमारी की जानकारी मिलेगी।

    प्रश्न : दो माह पहले सिर में चोट लगी थी। सिर में दर्द हो रहा है। - विवेक साह, अकबरनगर

    चोट की वजह से सिर में दर्द हो रहा होगा या माइग्रेन होगा। अस्पताल में इलाज करवा लें।