Bihar SIR: बिहार एसआइआर पर सवाल उठाने वाले घेरे में... भागलपुर की आशा देवी की उम्र 81, 86 और 120 वर्ष भी; जानिए पूरा मामला
Bihar SIR Updates बिहार में मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में भागलपुर की एक बुजुर्ग महिला की उम्र से सिस्टम की खामी उजागर हुई। यह महिला आशा देवी हैं जिनकी उम्र अलग-अलग दस्तावेजों में 81 86 और 120 वर्ष भी बताई गई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि इतने सालों तक सही तथ्य सामने क्यों नहीं आए। ताजा उदाहरण से एसआइआर पर सवाल उठाने वाले भी घेरे में हैं।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar SIR बिहार में चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर विपक्ष हो-हंगामा मचा रहा, लेकिन इस कवायद से ऐसी विसंगतियां सामने आ रहीं, जो सिस्टम की कमी को सिरे से उजागर कर रही हैं और इसकी जरूरत को प्रासंगिक भी बना रही। भागलपुर की बुजुर्ग महिला आशा देवी की उम्र का पेच इसका ताजा उदाहरण है।
मतदाता गहन पुनरीक्षण के दौरान पता चला कि भागलपुर की आशा देवी की उम्र 120 वर्ष है। इन्हें बिहार की संभावित सबसे बुजुर्ग महिला वोटर माना गया। जैसे ही यह बात सार्वजनिक हुई, तो कुछ और दावे सामने आ गए। पता चला कि पूर्व की मतदाता सूची के अनुसार महिला की उम्र 86 वर्ष तो पेंशनधारक के तौर पर दर्ज दस्तावेज में इनकी उम्र 81 वर्ष अंकित है।
मामले की जांच करवाने के बाद भागलपुर के जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी ने कहा, आधार कार्ड में आशा देवी की उम्र एक जनवरी 1905 है। पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र की आशा देवी का नाम सात जनवरी 2025 की मतदाता सूची के भाग संख्या 235 के क्रमांक 296 पर भी दर्ज है। आशा देवी के बेटे और पोते भी अपनी-अपनी गवाही दे रहे हैं। बेटा 65 वर्षीय हीरा मंडल का कहना है कि मां की उम्र 120 के करीब ही होगी।
भागलपुर की महिला आशा देवी आधार कार्ड के अनुसार 120 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी है।
45 वर्षीय पोते गुड्डू मंडल ने भी दादी की उम्र पर मुहर लगाई। गांव के कई बुजुर्ग, राजकिशोर मंडल, बबलू सिंह और मिथिलेश मंडल कहते हैं, इनकी उम्र 120 से कम नहीं है। प्रशासन ने आधार के रिकार्ड और इन लोगों की गवाही के आधार पर यह मान लिया है कि आशा देवी की उम्र 120 ही है। लेकिन, सवाल बरकरार है कि अगर आशा देवी की उम्र यही सही है तो क्या 2003 की मतदाता सूची में उनकी उम्र गलत दर्ज थी या पेंशनधारक की उम्र के तौर पर दर्ज आंकड़ा गलत है, जहां उनका जन्म वर्ष 1944 अंकित है।
इस योजना में आशा देवी का आधार भी लिंक है। अंतिम बार 2023 में इनके प्रमाणपत्रों को सत्यापित भी किया गया है। बड़ा सवाल है कि यह विसंगति आज तक पकड़ी क्यों नहीं गई। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बाद ही ऐसे मामले क्यों उजागर हो रहे हैं। बहरहाल, प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि पेंशनधारक के तौर पर दर्ज अलग-अलग आंकड़े पूर्व में पकड़ में क्यों नहीं आए, कहां लापरवाही हुई।
154-पीरपैंती विधानसभा (अजा) निर्वाचन क्षेत्र के फेकू टोला श्रीमतपुर, निवासी आशा देवी, पति चलितर मंडल, जिनका आधार नंबर 8982 5816 6684 है, प्रकाशित मतदाता सूची प्रारूप में फर्स्ट टाइम वोटर की उम्र 120 वर्ष है। आधार कार्ड में आशा देवी की उम्र एक जनवरी 1905 है। इस संबंध में पीरपैंती के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा जांच करवाने पर आशा देवी का उम्र 120 वर्ष पाया गया है, जो सही है। आशा देवी का नाम सात जनवरी 2025 के मतदाता सूची के भाग संख्या 235 के क्रमांक 296 पर भी नाम दर्ज है। -डा. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।