Bihar Panchayat Election 2021: भागलपुर में दस चरणों में होगा चुनाव, ये रहीं तारीखें और पूरी Details, आचार संहिता लागू
Bihar Panchayat Election 2021 चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। पहले जगदीशपुर और दूसरे चरण में सन्हौला प्रखंड में होगा मतदान। अंतिम चरण में इस्माइलपुर गोपालपुर व सुल्तानगंज में होगी वोटिंग। ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। चुनाव आयोग ने पंचायत चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है। जिले में दस चरणों में चुनाव होगा। यहां पहले चरण में जिले के जगदीशपुर प्रखंड में चुनाव होगा। यह प्रखंड बाढ़ मुक्त रहा है। इस कारण इस प्रखंड में पहले चरण में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण का चुनाव 29 सितंबर को होगा। इस प्रखंड में एक व दो अक्टूबर को मतगणना होगी।
दूसरे चरण में आठ अक्टूबर को सन्हौला प्रखंड में चुनाव होगा। इस प्रखंड की मात्र दो पंचायतें बाढ़ प्रभावित रही हैं। इस कारण यहां दूसरे चरण में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। यहां दस व 11 अक्टूबर को मतगणना होगी। तीसरे चरण में 20 अक्टूबर को शाहकुंड प्रखंड में चुनाव होगा। इस प्रखंड की आधा दर्जन पंचायतें बाढ़ से प्रभावित रही हैं। हालांकि इन पंचायतों से बाढ़ का पानी उतर रहा है। 20 अक्टूबर तक स्थिति सामान्य हो जाने की संभावना है। यहां 22 व 23 अक्टूबर को मतगणना होगी।
बिहपुर और नारायणपुर प्रखंड में 24 अक्टूबर को होगा मतदान
24 अक्टूबर को चौथे चरण का चुनाव नारायणपुर व बिहपुर प्रखंड में होगा। दोनों ही प्रखंड कटाव प्रभावित है। बिहपुर प्रखंड की कुछ पंचायतें बाढ़ प्रभावित हैं। यहां 26 व 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। पांचवें चरण का चुनाव तीन नवंबर को खरीक व नवगछिया प्रखंड में होगा। खरीक का इलाका बाढ़ प्रभावित रहा है। छठे चरण का चुनाव 15 नवंबर को होगा। इस चरण में रंगराचौक व गोराडीह प्रखंड में चुनाव होगा। रंगराचौक व गोराडीह प्रखंड बाढ़ प्रभावित है। रंगराचौक चौक प्रखंड में लोग ज्यादा बाढ़ प्रभावित रहे हैं।
नाथनगर और सबौर प्रखंड में 24 नवंबर को चुनाव
सातवें चरण का चुनाव 24 नवंबर को होगा। इस चरण में नाथनगर और सबौर प्रखंड में चुनाव होगा। दोनों ही प्रखंड बाढ़ प्रभावित हैं। आठवें चरण में पीरपैंती प्रखंड में चुनाव होगा, जबकि नौंवे चरण में कहलगांव प्रखंड में चुनाव होगा। अंतिम चरण यानी दसवें चरण में इस्माइलपुर, गोपालपुर व सुल्तानगंज प्रखंड में चुनाव होगा। यहां 12 दिसंबर को चुनाव होगा।
मुखिया और सरपंच के लिए नामांकन की फीस एक हजार
मुखिया, सरपंच व पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए एक-एक हजार की फीस जमा करनी होगी। जिला परिषद सदस्य पद के लिए दो हजार रुपये फीस रखी गई है। ग्राम कचहरी के पंच व ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य के लिए 250-250 रुपये शुल्क लगेगा। महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व पिछड़े वर्ग के सभी लिए सभी पदों पर नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए निर्धारित शुल्क की आधी राशि देय होगी। आरक्षित कोटि के उम्मीदवार को मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए पांच सौ रुपये, जिला परिषद के लिए एक हजार रुपये व ग्राम कचहरी के पंच व ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य के लिए 125 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।