यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'लड़कियों की पढ़ाई MA तक मुफ्त होगी, बस हमें 20 सीट जिता दीजिए...', जीतन राम मांझी ने CM नीतीश पर कह दी बड़ी बात
Bihar Chunav 2025 केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि अबकी चुनाव में 20 सीटें जीतकर आए तो ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Chunav 2025 पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय लघु उद्योग मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में यदि उनकी पार्टी के 20 विधायक जीतकर आते हैं, तो राज्य में लड़कियों को एमए तक की मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। महिलाओं को हुनरमंद बनाने के लिए तकनीकी शिक्षा भी मुफ्त दी जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने ये बातें रविवार को भागलपुर के टाउन हाल में जन समर्थन सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जब वे बिहार के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने जनहित के कई बड़े काम करने के संकल्प लिए थे। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अड़चन डाल कर उन्हें वे काम नहीं करने दिए।
केंद्रीय मंत्री मांझी ने बताया कि उनकी पार्टी को सम्मानजनक सीटें मिलने पर उनकी पार्टी महिलाओं को गरीबों की सूची में रखकर उनके लिए विशेष योजनाएं लाएगी। महिलाएं यदि शिक्षित और हुनरमंद होंगी, तो समाज और राज्य से गरीबी दूर होगी। मांझी ने कहा कि अगर महिलाओं को मुफ्त शिक्षा देने का प्रस्ताव पूर्व में ही मान लिया गया होता, तो आज बिहार की 75 प्रतिशत महिलाएं शिक्षित होतीं।
हालांकि, उन्होंने इस बात के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना भी की कि उन्होंने महिलाओं और लड़कियों को आगे बढ़ाने के प्रयास किए। मांझी ने दलितों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें रहने के लिए जगह नहीं मिल रही है। आवास योजना के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन इससे वंचित लोगों के सही ढंग से रहने की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी योजना गरीबों के लिए पांच लाख से कम कम लागत में दो कमरे, एक किचन, एक बाथरूम और पशुओं के लिए जगह से युक्त मकान बनाने की है।
उन्होंने कहा कि पैसे की कमी नहीं है, अगर सरकार यह माडल अपना ले, तो उससे गरीबों और दलितों को काफी फायदा होगा। मांझी ने बताया कि सरकार के पास लगभग 16–17 लाख एकड़ जमीन है और करीब 13 लाख भूमिहीन परिवार हैं। अगर सरकार यह ज़मीन उन्हें बांट दे, तो उनकी जिंदगी बेहतर हो सकती है।
इस अवसर पर मांझी ने विपक्ष की "वोटर अधिकार यात्रा" पर निशाना साधते हुए कहा, यह घबराहट की यात्रा है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बौखला गए हैं। वे प्रधानमंत्री की मां को मंच से गालियां दिलवा रहे हैं। जो लोग ऐसा करेंगे, जनता उन्हें जवाब देगी। सभा को सिकंदरा के विधायक प्रफुल मांझी, नीलेश कुमार, मुकेश मांझी, अविनाश कुमार, अशोक रजक, रिजवान अहमद, मो. बबलू, सनोज सदा आदि ने भी संबोधित किया।
