चलती बस में मची यात्रियों की चीख-पुकार... जान बचाने को कूदने लगे लोग; रांची से भागलपुर आ रही बस दुर्घटनाग्रस्त
Road Accident News झारखंड की राजधानी रांची से भागलपुर आ रही बस तीन बजे भोर में हादसे का शिकार हो गई। देवघर के पहाड़पुर के पास एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर बस पेड़ से टकरा गई। बताया गया कि चालक की आंख झपकने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस मोड़ पर हमेशा वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

संवाद सूत्र, भागलपुर/मधुपुर। Bhagalpur News जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के निकट मधुपुर देवघर बायपास सड़क पर रांची से भागलपुर जा रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए। घटना के समय बस में मौजूद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई, जिससे कोहराम का माहौल बन गया।
यात्रियों ने समझा कि कोई बड़ी घटना घट गई है और जान बचाने के उद्देश्य से सभी बस से कूदने लगे। कई यात्री नींद में थे और उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और यात्रियों को शांत रहने की अपील की।
इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूसरी गाड़ी का इंतजाम किया और यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक भेजा। बताया जाता है कि बस में कांवरिया सवार नहीं थे। यह घटना बुधवार अल सुबह तीन बजे हुई।
बस पहाड़पुर के पास एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक की पलक झपकने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस स्थान पर हमेशा वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने पथ निर्माण विभाग से यहां विशेष सिग्नल लगाने की मांग की है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और एहतियातन घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस चालक और उपचालक से घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।