Bihar: घर में घुसकर रात 8 बजे लड़की को उठा ले गया मजनू दास... छात्रा अपहरण मामले में अब 15 साल जेल की सजा
Bihar News भागलपुर के कहलगांव में घर में घुसकर रात आठ बजे एक छात्रा का अपहरण करने के मामले में अभियुक्त को 15 साल की सजा सुनाई गई है। विशेष पाक्सो न्यायालय भागलपुर ने अभियुक्त मजनू दास को सजा के साथ ही अर्थदंड भी देने का आदेश दिया है। 25 जुलाई 2021 की रात कहलगांव थानाक्षेत्र में घटना घटी थी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar News भागलपुर के विशेष पाक्सो न्यायालय ने गुरुवार को नाबालिग छात्रा के अपहरण मामले में दोषी अभियुक्त मजनू दास को पाक्सो एक्ट में 15 साल की सजा सुनाई है। विशेष पाक्सो न्यायाधीश सह सप्तम जिला अपर सत्र न्यायाधीश प्रणव कुमार भारती ने अपहरण मामले में भी पांच साल, पांच हजार रुपये का अर्थदंड देने का आदेश दिया है।
सरकार की तरफ से विशेष लोक अभियोजक नरेश प्रसाद राम और जयकरण गुप्ता ने बहस में भाग लिया। इसी केस में मुख्य अभियुक्त दीपक कुमार दास को 25 जनवरी 2023 को विशेष पाक्सो न्यायालय ने 20 साल की सजा सुनाई थी। अभियुक्त मजनू दास का ट्रायल बाद में चला और गुरुवार को सजा सुनाई गई।
मालूम हो कि कहलगांव थानाक्षेत्र के 25 जुलाई 2021 को पीड़िता की मां ने केस दर्ज कराया था। दर्ज केस में मां ने पुलिस को जानकारी दी थी कि 25 जुलाई 2021 की रात आठ बजे पुत्री को अगवा कर लिया गया। उसकी खोजबीन के दौरान जानकारी मिली थी कि दीपक कुमार दास ने उसका अपहरण कर लिया था। अपहरण में मजनू दास ने तब सहयोग किया था।
शराब तस्कर को पांच साल की सजा, एक लाख का अर्थदंड भी
भागलपुर व्यवहार न्यायालय के उत्पाद मामलों के विशेष न्यायाधीश सौरभ कुमार वर्मा की अदालत ने गुरुवार को शराब तस्करी में दोषी अखिलेश मंडल उर्फ अकला को पांच साल की सजा सुनाई है। अभियुक्त को एक लाख रुपये का अर्थदंड भी देने का आदेश विशेष न्यायाधीश ने दिया है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने की सूरत में अभियुक्त को तीन माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। सरकार की तरफ से विशेष लोक अभियोजक वासुदेव प्रसाद साह, विशेष अपर लोक अभियोजक ईश्वर चंद्र झा, उत्पाद अधिवक्ता डा. अजय कुमार दीक्षित, अखिलेश भारती ने न्यायालय की कार्यवाही में भाग लिया।
कटकिन्ना बहियार में हुई थी छापेमारी
ईस्माइलपुर थानाध्यक्ष रहे मुहम्मद एजाज रिजवी के नेतृत्व में छह मई 2023 को वरीय अधिकारियों के निर्देश पर परबत्ता थाने पर पुलिस टीम पहुंची थी। वहां अन्य थानों के थानाध्यक्ष को पुलिस टीम के साथ बुलाया गया था। वरीय अधिकारी के नेतृत्व में ईस्माइलपुर, परबत्ता और खरीक थाने की पुलिस, एलटीएफ टीम सात मई 2023 को कटकिन्ना बहियार में छापेमारी की थी। तब अखिलेश मंडल उर्फ अकला अपने बासा पर सोया हुआ था।
छापेमारी के दौरान पुलिस जवानों ने उसके बासा को चारों तरफ से घेर लिया था। उस दौरान भी अकला वहां से भागने का प्रयास किया था। लेकिन जवानों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया था। उसके पास से तब लोडेड पिस्तौल, आठ कारतूस, दो मोबाइल, साढ़े दस हजार रुपये, एक बाइक बरामद की गई थी। तब बासा की तलाशी के दौरान गैलन में रखा 15 लीटर शराब भी बरामद किया गया था। उसे तब पुलिस टीम गिरफ्तार कर परबत्ता थाने लाई थी। जहां उसने सख्त पूछताछ बाद भी यह जानकारी पुलिस के समक्ष नहीं दी कि वह शराब लाता कहां से था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।