Bihar Flood ALERT: प्रयागराज से भागलपुर तक राइजिंग मोड में गंगा... नवगछिया और कहलगांव में उफनाई, बढ़ा बाढ़ का खतरा
Bihar Flood ALERT बिहार में फिर से गंगा उफान पर है। प्रयागराज से भागलपुर तक जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने के चलते कई इलाकों में अगले पांच दिनों में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। वहीं नवगछिया और कहलगांव में फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। राज्य सरकार ने संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
संवाद सहयोगी, भागलपुर। Bihar Flood ALERT उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हो रही लगातार बारिश का प्रभाव बिहार में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। प्रयागराज और वाराणसी में गंगा का जलस्तर अचानक रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी के बाद अब भागलपुर में भी राइजिंग मोड में है। गुरुवार को यहां गंगा में 20 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई।
जल संसाधन विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। दो दिन पहले प्रयागराज में गंगा का जलस्तर ढाई मीटर और वाराणसी में करीब डेढ़ मीटर बढ़ा। इस अचानक हुई वृद्धि से राज्य सरकार की चिंता बढ़ गई है। सभी संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है।
तटबंधों की विशेष निगरानी का निर्देश
जल संसाधन विभाग ने बक्सर से भागलपुर तक तटबंधों की विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया है। कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश ने बताया कि इलाहाबाद से फरक्का तक गंगा पूरी तरह राइजिंग मोड में है। अभियंता लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। कटिहार स्थित बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण मुख्य अभियंता कार्यालय ने बताया कि गोपालपुर प्रखंड के इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध और सबौर प्रखंड के चांयचक क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
फरक्का बैराज के 107 गेट खोले गए
गंगा के दबाव को देखते हुए फरक्का बैराज के कुल 109 गेट में से 107 गेट खोल दिए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि गंगा भागलपुर में खतरे के निशान से ऊपर भी जाती है, तो पानी अधिक समय तक नहीं ठहरेगा। तेज बहाव के कारण जलस्तर जल्द नीचे आ जाएगा।
भागलपुर में गंगा की स्थिति
28 अगस्त, सुबह 8 बजे की स्थिति के अनुसार, गंगा का अधिकतम उच्चतर स्तर 34.86 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 33.68 मीटर है। 27 अगस्त को जलस्तर 32.80 मीटर था, जो 28 अगस्त को बढ़कर 33.05 मीटर हो गया।
गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आने वाले कई दिनों तक जलस्तर बढ़ने की संभावना है। भागलपुर में फिर एक बार बाढ़ का संकट खड़ा हो सकता है।— आदित्य प्रकाश, कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, भागलपुर
गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 53 सेंटीमीटर ऊपर
नवगछिया के इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 53 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय नवगछिया के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जलस्तर में 16 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। बुधवार की शाम को गंगा नदी का जलस्तर 32.13 मीटर दर्ज किया गया, जिससे कटाव का खतरा फिर से बढ़ गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।