बिहार में 3 करोड़ 82 लाख का स्वीमिंग पूल... अत्याधुनिक तरणताल में मिल रहीं ये सुविधाएं, दिल्ली की नामी कंपनी ने बनाया
Bihar Swimming Pool बिहार में पहला इंटरनेशनल स्वीमिंग पूल बनकर तैयार हो गया है। इसके निर्माण में करीब 4 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। बिहार कृषि विश्वविद्यालय भागलपुर में खेलो इंडिया से बने तरणताल को इसी माह हैंडओवर किया जाएगा। स्वीमिंग पूल में 10 लेन बनाया गया है यहां एक साथ 10 तैराक अभ्यास कर सकेंगे।

अभिषेक प्रकाश, भागलपुर। Bihar Swimming Pool खेलो इंडिया योजना के तहत बने बिहार का पहला स्विमिंग पूल सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बनकर तैयार हो गया है। यह अंतरराष्ट्रीय मानकों से लैस स्वीमिंग पूल है। करीब 3 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक तरणताल को अब विश्वविद्यालय को सौंपने की तैयारी है। सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में इसे विश्वविद्यालय को हैंड ओवर कर दिया जाएगा।
इसका निर्माण दिल्ली की कंपनी गर्ग बिल्डर द्वारा किया गया है। इस पूल की लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर रखी गई है, यानी कुल 1250 वर्ग मीटर में फैले इस स्वीमिंग पूल में एक साथ 10 तैराक अभ्यास कर सकेंगे। यह पूल न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण का आधार बनेगा, बल्कि यहां भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित करने की योजना है।
निरीक्षण के बाद मिली हरी झंडी
बीते दिनों खेलो इंडिया के जोनल मैनेजर (पूर्वी क्षेत्र), बिहार सरकार के खेल विभाग के अधिकारी और बीएयू के रजिस्ट्रार सहित छह सदस्यीय टीम ने इस स्वीमिंग पूल का निरीक्षण किया। कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से संतोष जताते हुए इसे फाइनल अप्रूवल दे दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं यहां मौजूद
कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि स्वीमिंग पूल को पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है। इसकी गहराई साढ़े तीन फीट से छह फीट तक है। पूल की सतह पर उच्च गुणवत्ता वाली टाइल्स लगाई गई हैं, जिससे पानी की पारदर्शिता बनी रहे और रोशनी की समस्या न हो। पूल के चारों ओर अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम लगाया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम और शावर रूम तथा पानी को बैक्टीरिया मुक्त रखने के लिए आधुनिक फिल्टर प्लांट लगाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को चहारदीवारी से घेरा गया है।
खेलो इंडिया के बिहार में चार प्रोजेक्ट में से एक
खेलो इंडिया के तहत बिहार में चार बड़े प्रोजेक्ट स्वीकृत थे। इनमें से दो भागलपुर को मिला था। एक तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम और दूसरा बिहार कृषि विश्वविद्यालय परिसर में स्वीमिंग पूल। शेष दो प्रोजेक्ट पटना विश्वविद्यालय और छपरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में हैं।
पूल की खासियत
लागत : 3.82 करोड़ रुपये
आकार : 50 मीटर × 25 मीटर
क्षमता : 10 लेन, एक साथ 10 तैराक
गहराई : 3.5 फीट से 6 फीट
सुविधाएं : उच्च गुणवत्ता वाली टाइल्स, आधुनिक फिल्टर प्लांट, अलग-अलग चेंजिंग/शावर रूम
सुरक्षा : चारों ओर चहारदीवारी, उन्नत लाइटिंग और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था
खेलो इंडिया के अंतर्गत भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय में बने इस स्विमिंग पूल का निर्माण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के मानकों के अनुसार किया गया है। जांच के बाद इसे हरी झंडी मिल गई है। इस महीने के अंत तक इसे विश्वविद्यालय को हैंडओवर कर दिया जाएगा। अनिल कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।