दिल्ली में गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकी का बिहार कनेक्शन, किशनगंज में बनवाया था पासपोर्ट, 2014 से अब तक...
सोमवार को दिल्ली पुलिस ने जिस आतंकी को गिरफ्तार किया है उसका बिहार कनेक्शन निकलकर सामने आ रहा है। कहा जा रहा है कि इसके बाद दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस को इनपुट शेयर किया है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है....

आनलाइन डेस्क, भागलपुर। दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी का बिहार कनेक्शन निकलकर सामने आ रहा है। इसके बाद से बिहार पुलिस मुख्यालय ने किशनगंज समेत सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। एसपी को अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। ला एंड आर्डर को मजबूती से फालो करने की बात कही गई है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में पकड़ाए पाकिस्तान आतंकी मो. अशरफ के पास से जो पहचान पत्र मिला है वो बिहार के किशनगंज जिले का बताया जा रहा है।
बता दें कि आतंकवादी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने सोमवार रात लक्ष्मी नगर इलाके से गिरफ्तार किया था। ये बड़ी साजिश को अंजाम देने वाला था। इसकी पुष्टि इसके पास से बरामद हथियार और बम (हैंड ग्रेनेड) कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस को आतंकी के पास से जो पहचान पत्र मिला है उसमें किशनगंज का पता लिखा हुआ है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस मुख्यालय से इनपुट शेयर किया है।
- उसके पास से जो दस्तावेज बरामद किया गया है, वो पासपोर्ट है। 2014 में आतंकी ने ये पासपोर्ट बिहार के किशनगंज से बनवाया था।
- दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमीश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा ने प्रेस रिलीज जारी की है। इस रिलीज में की सनसनीखेज बातें लिखी हैं। बताया गया है कि पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला आतंकी जम्मू-कश्मीर के कई हमलों का सस्पेक्ट है।
- लिखा गया है कि ये लंबे समय से धार्मिक त्योहारों पर स्लीपर सेल बनाने का काम कर रहा है।
मिले इनपुट के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय के होश उड़ गए हैं। आनन-फानन में इसी इनपुट को आधार मानते हुए पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि पड़ताल की जाए कि आखिर बिहार के अंदर पाकिस्तानी आतंकी ने कैसे फर्जी दस्तावेज बनवा लिया। आखिर इस काम में उसकी मदद किसने की और बिहार में किन लोगों ने उसे संरक्षण दिया।
ऐसी सूचना के बाद दैनिक जागरण ने किशनगंज एसपी कुमार आशीष से बात की। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो हम सक्रियता के साथ कार्रवाई करेंगे। सीमावर्ती जिला होने के चलते हम पहले से ही एक्टिव मोड में ला एंड आर्डर मजबूत बनाए रखने के लिए कृत संकल्पित हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।