Bihar: नीतीश कैबिनेट का बड़ा फैसला... बिहार विशेष सशस्त्र बल 10 का बटालियन हेडक्वार्टर बांका में, 1000 जवान लेंगे प्रशिक्षण
Bihar News मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई में राज्य कैबिनेट ने मंगलवार को विशेष सशस्त्र बल-10 का बटालियन हेडक्वार्टर बांका में खोले जाने की मंजूरी दे दी। यहां एक हजार जवान प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार और रेंज आईजी विवेक कुमार ने पांच मार्च 2025 को इसका प्रस्ताव भेजा था। जिलाधिकारी बांका ने 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। सरकार के फैसले से भागलपुर को निराशा हाथ लगी।

कौशल किशोर मिश्र, भागलपुर। Bihar News विशेष सशस्त्र बल-10 का बटालियन हेडक्वार्टर बांका में खुलेगा। मंगलवार को बिहार कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है। तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार और वर्तमान रेंज आईजी विवेक कुमार ने पांच मार्च 2025 को इसका प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेज दिया था। मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा और डीजीपी विनय कुमार ने जिला से प्रस्ताव जाते ही उसे कैबिनेट में स्वीकृति के लिए भेज दिया था।
दरअसल इसके लिए भागलपुर और बांका के जिलाधिकारी को 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने को कहा था। मामले में बांका के तत्कालीन जिलाधिकारी ने 50 एकड़ जमीन तुरंत उपलब्ध कराते हुए बाजी मार ली। बांका में विशेष सशस्त्र बल-10 का बटालियन हेडक्वार्टर खुलने से इलाके के लोगों को स्व रोजगार के अवसर तो मिलेंगे ही इलाके की भूगोल भी बदल जाएगी। सड़क मार्ग पर आवाजाही बढ़ेगी ही फल-सब्जी-दूध, कपड़े आदि का कारोबार भी समृद्ध होगा। इलाके के लोगों को स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
विशेष सशस्त्र वाहिनी में 1000 जवानों का होगा प्रशिक्षण
बिहार विशेष सशस्त्र बल की वाहिनी को एक हजार जवानों के प्रशिक्षण के लायक तैयार किया जाना है। कैबिनेट की मंजूरी के साथ ही बांका जिले में मुहैया जमीन पर अब बहुत जल्द निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा।
श्रेष्ठ होगी प्रशिक्षण की गुणवत्ता
विशेष सशस्त्र बल-10 का बटालियन हेडक्वार्टर के तैयार होते ही संस्था में प्रशिक्षण की गुणवत्ता भी श्रेष्ठ बनी रहेगी। स्थानीय स्तर पर दोनों संस्थानों के आरंभ होते ही आसपास में रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ जाएगी।
प्रदेश का तीसरा सिपाही प्रशिक्षण केंद्र भी बांका में खुलेगा
बांका के जिलाधिकारी की तरफ से जमीन मुहैया कराते ही बहुत जल्द पुलिस अकादमी निर्माण का रास्ता खुल जाएगा। प्रदेश में सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय भागलपुर के नाथनगर में संचालित है जबकि सिमुलतला में पहले से प्रस्तावित है। इन दो जगहों के बाद बांका का ही चयन किया गया है। जिसका भी प्रस्ताव रेंज आईजी विवेक कुमार भेज चुके हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।