Bihar News: 10वीं में पढ़ने वाली 4 लड़कियां स्कूल के लिए निकलीं... दलाल ने मालदा में कर दिया सबका सौदा
Bihar News बिहार के नवगछिया में एकसाथ 4 नाबालिग लड़कियों के गायब हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी मच गई। ये सभी एक सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा हैं। इनके बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि किसी युवती के बहकावे में आकर वे सभी घर से बिना बताए बंगाल चली गई हैं। इस बीच दलालों ने मालदा में इनका सौदा भी तय कर दिया।
संवाद सूत्र, नवगछिया। Bihar News बिहार के नवगछिया में एकसाथ 4 नाबालिग लड़कियों के गायब हो जाने से सनसनी मच गई। ये सभी सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा हैं। जानकारी जुटाने पर पता चला कि किसी युवती के बहकावे में आकर वे सभी घर से बिना बताए बंगाल चली गई हैं। इस बीच दलालों की नजर भी उनपर पड़ गई और लड़कियों के बेचने वाले गिरोह ने इनका सौदा भी तय कर दिया। हालांकि, पुलिस की तत्परता से सभी नाबालिगों को बिकने से बचा लिया गया। मालदा स्टेशन से जीआरपी ने चारों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नवगछिया पुलिस जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र के एक गांव से चार नाबालिग लड़कियां गायब हो गई थीं, जिन्हें पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर बरामद किया गया। इस मामले में लड़कियों को बहला-फुसला कर दूसरे राज्यों में बेचने वाले रैकेट का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, लापता चारों लड़कियां गांव के ही उच्च विद्यालय में पढ़ती थीं और दसवीं की छात्रा थीं।
परिजनों ने बताया कि सोमवार को चारों लड़कियां पढ़ाई के लिए विद्यालय गई थीं, लेकिन संध्या समय विद्यालय बंद होने के बाद वे घर नहीं लौटीं। बच्चों के घर नहीं लौटने पर उनके परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपनी बच्चियों की खोज शुरू कर दी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों और सहेलियों से बातचीत की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बच्चियों की जानकारी न मिलने पर परिजन परेशान हो गए और आसपास के रिश्तेदारों से भी मदद मांगी, लेकिन किसी का कुछ पता नहीं चला। परेशान होकर रविवार की रात अभिभावक गांव के मुखिया संजय सिंह के पास गए और सभी ने अपनी बच्चियों के गायब होने की सूचना दी। मुखिया ने इस मामले की सूचना परबत्ता थाना अध्यक्ष अश्वनी कुमार को दी और उनसे गांव आने का अनुरोध किया।
थाना अध्यक्ष पुलिस टीम के साथ जमुनिया गांव गए और अभिभावकों से घटना की जानकारी ली। सभी लड़कियों के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी से बात नहीं हो पाई। कुछ लड़कियों ने बताया कि एक युवती को अक्सर उनके साथ देखा गया है। एक लड़की ने यह भी बताया कि उस युवती ने सभी को बहला-फुसलाकर घर से भागने के लिए कहा था।
पुलिस ने जब सभी लड़कियों के साथ गए युवकों के मोबाइल का लोकेशन निकाला, तो वह मालदा टाउन का निकला। मोबाइल पर बातचीत से पता चला कि सभी लड़कियां मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर हैं। इसके बाद थाना अध्यक्ष ने तत्काल मालदा रेलवे स्टेशन के जीआरपी से संपर्क किया और सभी लड़कियों को सुरक्षित थाना पर लाया गया।
लड़कियों को ले जाने वाले दलाल फरार
जीआरपी द्वारा लड़कियों को मालदा स्टेशन पर बरामद करने के दौरान लड़कियों को ले जाने वाले सभी दलाल फरार हो गए। बताया जाता है कि भोली-भाली लड़कियों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह के सदस्यों द्वारा एक लड़की के सहयोग से सभी लड़कियों को बंगाल ले जाया जा रहा था। मंगलवार की रात तक लड़कियां नवगछिया नहीं आई थीं। परबत्ता थाना अध्यक्ष ने बताया कि चार नाबालिग लड़कियां स्कूल जाने के लिए निकली थीं, जो अब मालदा से बरामद की गई हैं। पुलिस सभी को लेकर आ रही है और पूछताछ के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।