Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bhagalpur News: सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आज से भर्ती होंगे मरीज, आईसीयू की सुविधा भी मिलेगी

    By Mihir Kumar Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Sun, 20 Jul 2025 11:38 AM (IST)

    भागलपुर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रविवार से न्यूरो सर्जरी कार्डियोलॉजी समेत पांच विभागों में मरीजों की भर्ती शुरू हो जाएगी। सीमित संसाधनों के चलते फिलहाल 70 मरीजों को ही भर्ती किया जाएगा। अस्पताल में आईसीयू और इमरजेंसी सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं। कैथलैब की सुविधा भी जल्द शुरू होगी। आधुनिक ओटी में मरीजों की सर्जरी की जाएगी। डॉक्टरों की कमी को दूर करने की आवश्यकता है।

    Hero Image
    रविवार से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पांच विभागों में मरीजों की भर्ती शुरू हो जाएगी। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। इंतजार खत्म हुआ। रविवार से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पांच विभागों में मरीजों की भर्ती शुरू हो जाएगी। न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी के गंभीर मरीजों को बेहतरीन इलाज की सुविधा मिलेगी। अभी तक यहां केवल ओपीडी सेवा ही दी जा रही थी। लेकिन, सीमित संसाधनों के कारण सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अब केवल 70 मरीजों की ही भर्ती होगी। जैसे-जैसे सुविधाओं का विस्तार होगा, यहां और अधिक संख्या में मरीज भर्ती होने लगेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शनिवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमशंकर शर्मा, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अविलेश कुमार, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अजय कुमार और नोडल पदाधिकारी डॉ. महेश कुमार ने संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। रविवार सुबह 11:30 बजे इस सेवा का विस्तार किया जाएगा।

    प्रमंडल आयुक्त के निर्देश

    प्राचार्य डॉ. हेमशंकर शर्मा ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 10 बेड का आईसीयू और 10 बेड की इमरजेंसी सेवा शुरू की जा रही है। अभी हमारे पास डॉक्टर कम हैं। धीरे-धीरे संसाधनों और डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और सेवा का विस्तार भी होगा। यहां आपातकालीन स्थिति में मरीजों को 24 घंटे इलाज की सुविधा मिलेगी।

    अभी यहां केवल न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी के मरीजों का ही इलाज होगा। अन्य मरीजों को अभी यहाँ इलाज की सुविधा नहीं मिलेगी। ऐसे मरीज जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में इलाज करा सकते हैं। इस सेवा को शुरू करने में जो भी चुनौती थी, उसे संभागीय आयुक्त ने दूर कर दिया है।

    डॉक्टर और नर्स की तैनाती

    अस्पताल अधीक्षक डॉ. अविलेश कुमार ने बताया कि मुख्यालय द्वारा पहले ही यहां 11 डॉक्टरों की तैनाती की गई थी। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल से डॉक्टरों की कमी पूरी कर दी गई है। मरीजों को बेहतरीन नर्सिंग सेवा मिले, इसके लिए अनुभवी नर्सों की तैनाती की गई है।

    अगर सर्जरी के दौरान मरीजों को रक्त की ज़रूरत पड़ती है, तो उसका प्रबंधन पहले से ही किया जाएगा। अगर यहां भर्ती मरीज गंभीर होते हैं, तो उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कराया जाएगा। यह आईसीयू केवल यहां के मरीजों के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा।

    छह महीने में शुरू हो सकती है कैथलैब

    नोडल अधिकारी डॉ. महेश कुमार ने बताया कि अभी यहाँ मरीजों के लिए कैथलैब की सुविधा नहीं है। हालांकि, केंद्र सरकार ने कैथलैब के लिए अनुमति दे दी है। जिसके बाद यहाँ उपकरणों सहित अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संभावना है कि छह महीने के भीतर यहाँ कैथलैब सुविधा शुरू हो जाएगी।

    आधुनिक ओटी में होगी मरीजों की सर्जरी

    सुपर स्पेशियलिटी में मरीजों की सर्जरी के लिए आधुनिक ओटी का निर्माण किया गया है। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अजय कुमार ने बताया कि आधुनिक ओटी में मरीजों की सर्जरी की जाएगी। ओटी में हर सुविधा उपलब्ध है। यहाँ किसी भी तरह की सर्जरी आसानी से की जा सकती है। हमारी टीम मरीजों के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार है। न्यूरो सर्जरी विभाग में दो दिन ऑपरेशन होंगे।

    एक दिन डॉ. पंकज कुमार और दूसरे दिन न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सूरजकांत मणि ऑपरेशन करेंगे। प्लास्टिक सर्जरी विभाग में सप्ताह में एक बार ऑपरेशन किए जाएंगे। इमरजेंसी में सीओटी (इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर) संचालित किया जाएगा। नेफ्रोलॉजी विभाग में सर्जरी के अंतर्गत लिथोट्रिप्सी की जाएगी। जिसमें किडनी स्टोन के मरीजों की मशीन से पथरी निकाली जाएगी।

    डॉक्टरों की कमी दूर हो तो होगी समस्या

    सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 353 पद हैं। जिसमें डॉक्टर, नर्स और स्टाफ शामिल हैं। अभी केवल 11 डॉक्टर ही तैनात हैं। ऐसे में अगर यहां सभी विभागों के लिए उचित डॉक्टर मिल जाएं तो समस्या का समाधान हो जाएगा। यहाँ आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। जिसके संचालन के लिए स्टाफ की भी आवश्यकता है।