Bhagalpur News: आज से सैंडिस में एंट्री पर लगेगा 10 रुपये शुल्क, 2 महीने में शुरू होगा हॉरर शो
लंबे इंतजार के बाद भागलपुर का सैंडिस कंपाउंड फिर से खुल गया है जहां प्रवेश शुल्क 10 रुपये है। अभी किड्स प्ले जिम तैराकी और बैडमिंटन जैसी चार सुविधाएं शुरू की गई हैं। सुबह-शाम टहलने वालों के लिए कोई शुल्क नहीं है लेकिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आने वालों को शुल्क देना होगा। दुर्गा पूजा के बाद कैफेटेरिया भी खुलेगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। लंबे इंतजार के बाद शुकवार से एक बार फिर सैंडिस कंपाउंड खुल जाएगा। प्रवेश शुल्क 10 रुपये निर्धारित किया गया है। फिलहाल चार तरह की सेवाएं चालू की जाएंगी। धीरे-धीरे सुविधाओं का विस्तार होगा। 19 सितंबर से बच्चे किड्स प्ले, कसरत के शौकीन जिम, तैराकी और बैडमिंटन खेलने का आनंद उठा सकेंगे।
दुर्गा पूजा के बाद कैफेटेरिया में भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। नगर आयुक्त शुभम कुमार ने गुरुवार को सैंडिस कंपाउंड मैदान में इन सेवाओं का शुभारंभ किया। बताया गया कि सुबह-शाम टहलने वालों से शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सुबह आठ बजे से चार बजे तक आने वालों से दस रुपये शुल्क लिया जाएगा। चार बजे के बाद किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एजेंसी के विश्वजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार से चार सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। खिलाड़ियों को जारी किया जाएगा पास: खेल संगठनों को अपने खिलाड़ियों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है, ताकि उनके लिए पास जारी किए जा सके।
विश्वजीत सिंह ने बताया कि यहां जो भी खेल संगठन हैं, वे अपने खिलाड़ियों की सूची हमें दें। सूची मिलने के बाद सभी खिलाड़ियों को पास जारी किया जाएगा, जिसे दिखाकर वे मैदान में अभ्यास कर सकेंगे। सैंडिस कंपाउंड मैदान में चार संगठन छात्रों को सेना समेत अन्य भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने आते हैं। प्रतिदिन एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं जुटते हैं।
इन संगठनों से कहा गया है कि अब सभी को शुल्क देना होगा। प्रत्येक छात्र से दस रुपये वसूले जाएंगे। संगठन सभी का नाम देंगे, जिसके बाद सभी को पास जारी किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए आने वाले छात्रों को एक निश्चित समय पर आना होगा, ताकि भीड़ से आम लोगों को परेशानी न हो।
दो माह में हॉरर शो, रैन सर्वर आदि की भी सुविधा
सैंडिस कंपाउंड मैदान में दो महीनों के भीतर बच्चों के लिए हॉरर शो, रैन सर्वर, इंडोर गेम्स समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विश्वजीत सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि मैदान में आने वाले सभी लोगों को बेहतर मनोरंजन मिले। नगर आयुक्त ने सेवाओं का शुभारंभ करने के बाद मैदान का निरीक्षण किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।