कहलगांव में खेत से घर लौट रही थी चाची-भतीजी, ठनका की चपेट में आने से हुई मौत
कहलगांव के टिकलूगंज गांव में वज्रपात से चाची-भतीजी की दुखद मौत हो गई। दोनों खेत पर घास लाने गई थीं तभी बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और स्थानीय नेताओं ने पीड़ित परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया है।

संवाद सूत्र, कहलगांव। कहलगांव अनुमंडल के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के टिकलूगंज गांव में शनिवार की दोपहर में वज्रपात की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही चाची-भतीजी की मौत हो गई है।
मृतकों में दीपक यादव की पत्नी पूजा देवी (35) एवं राजेश यादव की पुत्री रानी कुमारी(10) शामिल हैं। वे दोनों खेत देखने और घास लाने मिर्धाचक बहियार गई थीं।
तेज हवा के साथ बारिश होने पर कुछ अन्य लोगों के साथ वे दोनों भी एक नीम के वृक्ष तले चले गए थे। उसी दौरान ठनके की चपेट में आने से चाची-भतीजी की मौत हो गई। अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
घर के स्वजनों को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उन दोनों की मौत होने की सूचना मिलते ही सभी लोग ग्रामीणों के साथ वहां पहुंच गए। दोनों के शवों को उठाकर घर लाया गया।
इस घटना के बाद दोनों के घरों में कोहराम मचा हुआ था। मृतका पूजा की सास एवं बेटी सोनी उससे लिपट कर रो रही थी। छोटा पुत्र गोलू कुमार सभी का मुंह देख रहा था।
मृतिका रानी की मां किरण देवी पुत्री से लिपट कर रो रही थी। वह रह रहकर बेहोश हो रही थीं। रोती बिलखती रानी की दादी सहित सभी स्वजनों को गांव के लाग सांत्वना दे रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा। मृतका पूजा का पति महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करते हैं। उन्नीस वर्षीय बड़े पुत्र दिलखुश कुमार यादव को भी वह अपने साथ पुणे ले गए हैं। बीस रोज पूर्व ही पिता-पुत्र वहां गए हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।
उन्होंने तत्काल पत्नी का अंतिम संस्कार करने की बात कही है। मृतका पूजा को दो पुत्र व एक पुत्री है। दूसरी मृतका तीन बहनों व एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। गांव में इस घटना को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।
जिला पार्षद जनार्दन आजाद व पूर्व मुखिया अमर कुमार ने मृतक परिवार से मिलकर सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि जल्द दिलाने का आश्वासन दिया है।
पूर्व मुखिया जैनेंद्र कुमार पिंटू ने मृतक परिवार को तत्काल कुछ आर्थिक सहायता दी है। पूर्व मुखिया जयनाथ महतो, सरपंच प्रतिनिधि बबलू ने भी मृतक परिवार से मिलकर सांत्वना दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।