Bihar Rain Alert: 22 से 26 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी, भागलपुर समेत कई जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बिहार में 22 अगस्त से 26 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है जिसका असर दक्षिणी और पूर्वी बिहार में दिखेगा। भागलपुर समेत कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मानसून ट्रफ रेखा के कारण तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका है। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब होने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

संवाद सहयोगी, भागलपुर। बिहार में मानसून (Monsoon In Bihar 2025) एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग, पटना द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 22 अगस्त शुक्रवार से 26 अगस्त तक पूरे राज्य में वर्षा गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इसका सबसे अधिक असर दक्षिण और पूर्व बिहार के जिलों पर दिखेगा। विभाग ने भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिले के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्तमान में सक्रिय मानसून ट्रफ रेखा बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य भाग तक फैली हुई है। अगले दिनों में यह उत्तर की ओर खिसक कर बिहार से गुजरेगी। इसके प्रभाव से राज्य में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन एवं वज्रपात की घटनाएं भी होंगी।
भागलपुर पर असर
भागलपुर जिले में अब लगातार कई दिनों तक वर्षा की संभावना है। शनिवार और रविवार को कई इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है । गंगा के किनारे निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ फसलों को राहत मिलेगी। धान और मक्का की रोपनी वाले किसानों को पानी की कमी से अब निजात मिलेगी।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 83 प्रतिशत आद्रता के साथ 8.4 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूर्वा हवा चल रही है। वर्षा की संभावना है।
उधर, भागलपुर में गंगा का जलस्तर लगातार धीमी गति से कम हो रहा है। हालांकि, गंगा का जलस्तर 33 मीटर पर है, जबकि डेंजर लेवल 33.68 मीटर है अर्थात महज 68 सेंटीमीटर गंगा डेंजर लेवल से नीचे बह रही है। यदि वर्षा की अधिकता हुई तो एक बार फिर बाढ़ आपदा का खतरा बढ़ सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।