Shravani Mela 2025: बनारस की तर्ज पर अबकी श्रावणी मेले में LASER SHOW नमामि घाट पर देखें शिव और संस्कृति का अद्भुत नजारा
Shravani Mela 2025 बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस के तर्ज पर अबकी बार श्रावणी मेले में लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार हो रहा यह लेजर शो रोजाना 30 मिनट तक चलेगा। अजगैवीनाथ धाम सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर शिव और संस्कृति की अद्भुत झलक दिखेगी। लेजर शो पूरी तरह से थ्री डी लेजर प्रोजेक्शन पर आधारित होगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Shravani Mela 2025 विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के उद्घाटन पर इस बार श्रद्धालुओं और आम लोगों को आस्था और तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन पहली बार लेजर शो का आयोजन करने जा रहा है, जो बनारस की तर्ज पर होगा। यह शो अजगैवीनाथ धाम, सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जिला प्रशासन से जुड़े पदाधिकारी ने बताया कि इवेंट कंपनी के माध्यम से इस लेजर शो का आयोजन होगा। इस लेजर शो में गंगा की महिमा, भगवान शिव की आराधना और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
शो के माध्यम से भक्तों को गंगा की उत्पत्ति से लेकर शिव-पार्वती की कथा, बाबा बैद्यनाथ की महिमा और श्रावणी मेले की परंपरा को रोशनी, ध्वनि और चित्रों के माध्यम से दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लेजर शो पूरी तरह से थ्री डी लेजर प्रोजेक्शन आधारित होगा, जो गंगा की लहरों पर जीवंत छवियां उकेरेगा। इसमें ध्वनि और प्रकाश संयोजन के माध्यम से एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव तैयार किया जाएगा।
30 मिनट का होगा लेजर शो
यह शो 30 मिनट का होगा। लेजर शो में हिंदी और अंग्रेजी में संवाद होंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भी समझ सकें। इसके अलावा इस लेजर शो में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा। वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि श्रावणी मेले में यह पहली बार है जब आस्था और तकनीक का संगम इस रूप में दिखेगा।
यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए न सिर्फ मनोरंजन बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर अनुभव साबित होगा। वहीं जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को सहूलियत देने के लिए श्रावणी मेला 2025 एप लांच किया जाएगा। इसके माध्यम से फोटो कंटेस्ट भी होगा। इस प्रतियोगिता में कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। एप पर कोई भी अपनी खींची गई फोटो अपलोड कर सकता है। श्रावणी मेला की भव्यता और उत्कृष्टता को दर्शाता हो। हर दिन की सर्वश्रेष्ठ फोटो को पुरस्कृत किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।