Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Chunav 2025: वोटर वेरिफिकेशन में लापरवाही पर डीएम का चाबुक... कई शिक्षक सस्पेंड, सेविका चयनमुक्त

    Updated: Tue, 08 Jul 2025 06:43 AM (IST)

    Bihar Chunav 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राज्य की 243 सीटों पर गहन मतदाता पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस बीच भागलपुर के डीएम डा. नवल किशोर चौधरी ने लापरवाह कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी है। डीएम ने कहा जो काम नहीं करेगा वह पद पर नहीं रहेगा। नगर निगम के 11 कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

    Hero Image
    Bihar Chunav 2025: भागलपुर में मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही पर कई शिक्षक निलंबित किए गए हैं।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Chunav, Bhagalpur News विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वालों पर जिला प्रशासन ने करारी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद एक के बाद एक फैसले लिए गए। कई सेविका, शिक्षक, प्रधानाध्यापक और नगर निगम के कर्मचारी चिह्नित किए गए हैं। कुछ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तो कुछ का मानदेय रोक दिया गया है। डीएम ने साफ कहा कि मतदाता सूची शुद्धिकरण जैसे संवेदनशील कार्य में कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुलतानगंज की आंगनबाड़ी सेविका रेणु कुमारी (केंद्र संख्या-132) को चयनमुक्त कर दिया गया है। वे मतदान केंद्र संख्या 40 की बीएलओ थीं। आरोप है कि उन्होंने गणना प्रपत्र उठाना तक जरूरी नहीं समझा। न कोई प्रपत्र भरा, न पोर्टल पर अपलोड किया। निर्देशों की लगातार अवहेलना के चलते उन्हें सेवा से हटा दिया गया। वहीं, सुलतानगंज की दो अन्य सेविकाएं रेणु देवी (केंद्र 172) और प्रियंका कुमारी (केंद्र 229) का मानदेय तत्काल प्रभाव से रोका गया है। ये भी मतदान केंद्र पदाधिकारी के साथ कार्य में प्रतिनियुक्त थीं, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं किया।

    शिक्षा विभाग में भी कार्रवाई की तलवार चली है। रंगरा चौक के मध्य विद्यालय सिमरिया के शिक्षक मणिकांत दास, नाथनगर के मध्य विद्यालय खुर्द कजरैली के प्रधानाध्यापक अनुज कुमार रजक और सन्हौला के मध्य विद्यालय महियामा के शिक्षक जुल्फीकार हैदर को निलंबित कर विभागीय जांच के दायरे में लाया गया है। इन पर मतदाता पुनरीक्षण कार्य में उदासीनता, बाधा पहुंचाने और निर्देश की अवहेलना जैसे गंभीर आरोप हैं।

    नगर निगम के 11 कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 7 जुलाई को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में चार कर्मी अनुपस्थित रहे, जबकि सात कर्मी समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। सभी से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने तक एक दिन का वेतन और पारिश्रमिक रोकने का निर्देश दिया गया है। अब तक जिले में 1.84 लाख गणना प्रपत्र अपलोड किए जा चुके हैं, जबकि डीएम ने मंगलवार तक 3.5 लाख अपलोडिंग का लक्ष्य रखा है। डीपीएम जीविका को निर्देश दिया गया है कि सभी जीविका दीदी और उनके परिवार से प्रपत्र भरवा कर तत्काल अपलोड कराएं। वहीं उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह को बीएलओ के काम की प्रति घंटे मानिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है।