विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bhagalpur: ध्वस्त पुल के पुनर्निर्माण का खर्च उठाने को तैयार निर्माता कंपनी, ब्रिज के डिजाइन में मिली गड़बड़ी

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Sun, 16 Jul 2023 10:54 PM (IST)

बिहार के भागलपुर और खगड़िया जिले को जोड़ने वाले ध्वस्त हुए अगुवानी-सुल्तानगंज पुल (Aguwani Sultanganj Ganga Bridge) के सुपर स्ट्रक्चर ...और पढ़ें

निर्माण कंपनी अपने खर्च पर बिहार के सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल के ध्वस्त हिस्से के निर्माण को तैयार। फाइल फोटो
निर्माण कंपनी अपने खर्च पर बिहार के सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल के ध्वस्त हिस्से के निर्माण को तैयार। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, पटना: बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज और खगड़िया जिले के अगुवानी घाट के बीच निर्माणाधीन पुल के ध्वस्त हुए सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण अपने खर्चे पर कराने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी तैयार हो गई है। 1710 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। हालांकि, पुनर्निर्माण की प्रक्रिया क्या होगी, यह अभी तय नहीं हो पाया है।

निर्माण कंपनी ने विभाग को सूचित किया है कि वह अपने खर्चे पर पुल के ध्वस्त हुए सुपर स्ट्रक्चर को फिर से बनाने को तैयार है। डिजाइन की गड़बड़ी के कारण चार जून को इस पुल का सुपर स्ट्रक्चर भरभराकर गिर गया था। कंपनी इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पैसों से पुनर्निर्माण के लिए तैयार हो गई है।

हालांकि, पुल के ध्वस्त हुए हिस्से के निर्माण को लेकर नए सिरे से निविदा होगी या फिर इसका निर्माण नए सिरे से सिंगला कंस्ट्रक्शन ही कराएगी, इस संबंध में पथ निर्माण विभाग को निर्णय लेना है।

लोकहित याचिका के निष्पादन के बाद ही कोई निर्णय

पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निर्माण के मामले में विभाग के स्तर पर अभी कोई निर्णय संभव नहीं है। पुल के ध्वस्त होने के मामले में पटना उच्च न्यायालय में कई लोकहित याचिकाएं दाखिल की गई हैं।

सभी को एक साथ जोड़कर सुनवाई हो रही है। सुनवाई के दौरान निर्माण कंपनी के वरीय अधिकारी भी न्यायालय में उपस्थित हो चुके हैं। न्यायालय द्वारा किस तरह का आदेश इस बारे में दिया जाएगा, इसकी अभी प्रतीक्षा है।

निर्माण कंपनी को ध्वस्त संरचना बनानी है इस बारे में निर्देश भी

जिस समय निर्माणाधीन अगुवानी घाट पुल का सुपर स्ट्रक्चर गिरा था, उसी समय पथ निर्माण विभाग द्वारा अधिकारिक तौर पर सार्वजनिक रूप से यह कहा गया था कि जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई निर्माण कंपनी को करनी है। निर्माण कंपनी को इस बारे में नोटिस भी जारी किया गया था। निर्माण कंपनी ने नोटिस का जवाब भी दे दिया है।

सभी तरह की जांच हो गई है पूरी

पथ निर्माण विभाग द्वारा अगुवानी घाट पुल की स्ट्रक्चरल आडिट कराई जा चुकी है। पहली जांच आईआईटी, रुड़की के विशेषज्ञों ने की है और दूसरी जांच पुल क्षेत्र के विशेषज्ञों द्वारा की गई है। जांच में यह बात सामने आई है कि डिजाइन की गड़बड़ी से पुल का सुपर स्ट्रक्चर ध्वस्त हुआ था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।