छेड़खानी करते पकड़े जाने पर शिक्षक की जमकर पिटाई, कालिख पोत घुमाया
बिहार में एक शिक्षक को छात्रा के साथ छेड़खानी करते पकड़े जाने पर आक्रोशित लोगों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर चेहरे पर कालिख पोत घुमाया।
सहरसा [जेएनएन]। समाज में शिक्षक को काफी सम्मानित स्थान दिया गया है। वे देश के भविष्य का निर्माण करते हैं। लेकिन कुछ लोगों इस पेशे को बदनाम कर रहे हैं। शिक्षक और शिष्या के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला सामने आया है, बिहार के सहरसा जिले में। यहां एक शिक्षक को छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इसके बाद आक्रोशितों ने शिक्षक के चेहरे पर कालिख पोत उसे घुमाया। घटना से आक्रोशित लोगों ने शिक्षक को जमकर पीटा। ग्रामीण आरोपित शिक्षक को बर्खास्त करने एवं कड़ी सजा देने की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे।
जानकारी के अनुसार, कन्या मध्य विद्यालय सेवाश्रम पटोरी में सोमवार को विद्यालय संचालन के दौरान वर्ग आठ की एक छात्रा के साथ शिक्षक मो. लुकमान द्वारा छेड़छाड़ करने की शिकायत छात्रा ने विद्यालय की शिक्षिका एवं अपने अभिभावक से की। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्यालय पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
आरोपी शिक्षक के साथ मारपीट कर उसके मुंह पर कालिख पोत दी। घटना की सूचना मिलते ही थाने की पुलिस विद्यालय पहुंच आरोपी शिक्षक को अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। वहां कभी भी अप्रिय घटना होने की आंशका को लेकर गांव में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है।
पीडि़त छात्रा की माता के लिखित आवेदन पर शिक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सुमन कुमार, थानाध्यक्ष बिहरा।