मुंगेर में बड़े अंतर से हारी थी अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी, मोकामा में जीतते ही आरसीपी सिंह की बेटी को घेरा
मुंगेर संसदीय सीट से चुनाव लड़ने वाली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को यहां करारी हार का सामना करना पड़ा था। मोकामा से उन्होंने जीत दर्ज की है। अपनी जीत के बाद उन्होंने आरसीपी सिंह का नाम लेते हुए लिपि सिंह पर निशाना साधा है।

आनलाइन डेस्क, भागलपुर : बिहार में हुए उपचुनाव में मोकामा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज की है। राजद की टिकट पर चुनावी मैदान में उतरी नीलम देवी ने इससे पहले 2019 में मुंगेर लोकसभा सीट से कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ा था। यहां उन्हें वर्तमान सांसद ललन सिंह ने बड़े अंतराल से मात दी थी। इस बार खुद ललन सिंह ने नीलम देवी के लिए प्रचार प्रसार किया है क्योंकि जदयू और राजद गठबंधन में हैं।
मुंगेर में कांग्रेस की प्रत्याशी नीलम देवी 167937 मतों से पराजित हुई थी। मोकामा में छोटे सरकार नाम से चर्चित पूर्व विधायक अनंत सिंह को एके-47 और बम बरामदगी के मामले में दोषी पाए जाने और सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता रद कर दी गई थी। इसके बाद से यह लोकसभा सीट खाली हुई, लिहाजा उपचुनाव हुए। लेकिन अनंत सिंह का दबदबा ऐसा रहा कि उनकी पत्नी चुनावी मैदान में उतरी और जीत दर्ज की। जीत मिलने के बाद अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने भी यही बात कही।
उन्होंने कहा, 'मैंने तो पहले ही कहा था कि जीत हमारी है क्योंकि मोकामा की जनता अनंत सिंह के लिए चुनाव लड़ती है। छोटे सरकार ने क्षेत्र की जनता के लिए बहुत काम किया है इसलिए की जनता उन्हें हर बार आशीर्वाद देती है। मोकामा में कोई लड़ाई ही नहीं थी।'
छोटे सरकार को फंसाने वाली लिपि सिंह- नीलम देवी
जीत मिलने के बाद अनंत सिंह की पत्नी ने कहा कि छोटे सरकार को आइपीएस लिपि सिंह ने ही फंसाया है। आरसीपी सिंह की बेटी के चलते ही सबकुछ है।
आरसीपी सिंह ने साधा था निशाना
बता दें कि शनिवार को एक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने मुंगेर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने ललन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि जिस अनंत सिंह को नीतीश कुमार ने जेल भिजवाया, उनके लिए ललन सिंह चुनाव प्रचार करने पहुंच रहे हैं। ये बाहरी आदमी है। आने वाले लोकसभा चुनाव में इनकी जमानत जब्त हो जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।