सफाई करने वाले मजदूरों की हड़ताल, भागलपुर के कहलगांव के 17 वार्डों की 40 हजार आबादी कूड़े के ढेर पर
भागलपुर के कहलगांव नगर पंचायत में सफाई मजदूरों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी। हड़ताल के चलते अब नगर नरक में तब्दील हो गया है। नगरवासी परेशान हैं इधर प्रशासन पूरी तरह मौन नजर आ रहा है। हड़ताल के चलते ही जगह-जगह कूड़ा भी देखने को मिल रहा है।

संवाद सूत्र, कहलगांव : सफाई मजदूरों की हड़ताल के चलते कहलगांव नगर की हालत बद से बदतर होते जा रही है। नगर नरक में तब्दील होता जा रहा है। नगर की सड़कों और गलियों में चारों तरफ गंदगी पसरी हुई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगते जा रहे हैं। घरों से फेंके गए कूड़े के ढेर में भोजन की तलाश में मवेशी कूड़े को और फैला रहे हैं। इसी कूड़े-कचरे से लोग आ-जा रहे हैं। नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। अब तक सफाई मजदूरों की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी है। नगर के 17 वार्डों के करीब 40 हजार की आबादी गंदगी से जूझ रही है।
नौ दिन बीत जाने के बाद भी नगरपंचायत प्रशासन मौन है। मालूम हो कि मजदूर महासंघ के आह्वान पर सफाई मजदूरों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। उनके साथ समन्वय के लिए नपं प्रशासन भी रुचि नहीं ले रहा है। ऐसे में हड़ताल और लंबा खिंचने की संभावना है। नगरपंचायत के चुनाव में लड़ने को आतुर लोग भी इस गंदगी पर चुप्पी साधे हुए हैं। निवर्तमान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद भी कुछ नहीं बोल रहे हैं। नगरवासियों का आक्रोश बढ़ रहा है। लोग कचरे की सड़ांध से बीमार पड़ने लगे हैं। सभी परेशान हैं लेकिन नपं प्रशासन एकदम मस्त है। लोगों ने आगाह किया है कि वे अब नगरपंचायत प्रशासन के खिलाफ आंदोलन छेड़ने ही वाले हैं।
ब्रह्मोत्तर तटबंध के टूटने से गांवों और प्रमुख बाजार में तेज बह रहा पानी
संवाद सूत्र, नवगछिया : गोपालपुर प्रखंड के सैदपुर गांव के समीप स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बनाए गए ब्रह्मोत्तर तटबंध देर रात कट जाने के कारण कई इलाकों में पानी फैलने लगा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण यहां पर ब्रह्मोत्तर तटबंध के अचानक कटने से सैदपुर, गोपालपुर, सुकटिया बाजार के कई पंचायतों के निचले इलाके में पानी पहुंचने लगा है। तटबंध कटने के उपरांत सैदपुर सुकटिया बाजार मुख्य सड़क मार्ग पर लगभग तीन से चार फीट ऊंचा पानी बह रहा है। इससे यातायात काफी प्रभावित हो गया है। एसपी सुशांत सरोज, अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप सिंह सहित कई अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने तत्काल मोटरसाइकिल एवं साइकिल को प्रतिबंधित करते हुए सुकटिया बाजार-सैदपुर सड़क मार्ग को बैरिकेडिंग कर चौकीदार को प्रतिनियुक्ति कर दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ के पानी की गति तेज होने के कारण यहां से जाना ठीक नहीं है। वह अंचलाधिकारी द्वारा बताया गया कि तटबंध टूटने के बाद सुकटिया बाजार सैदपुर गोपालपुर मुस्लिम टोला आदि इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचा है। सड़क न टूटे इसके लिए सड़क के किनारे संबंधित विभाग के लोगों से बालू भरी बोरियां रखी गई हैं। मालूम हो कि इस तटबंध टूटने का पानी चपरघट, गंगा प्रसाद धार सहित आदि गांवों एवं बहियार तक पहुंचेगा।
एक साइकिल चालक और बैलगाड़ी बही, बचाया गया
संवाद सूत्र, नवगछिया : ब्रह्मोत्तर तटबंध टूटने से सुकटिया बाजार में जबरदस्त पानी बह रहा है। रविवार की सुबह नाद लेकर ले जा रही बैलगाड़ी बहने लगी। सवार व्यक्ति पप्पू राय किसी तरह जान बचाकर बैलों को भी खोल दिया। दूसरी ओर सैदपुर गांव निवासी उत्तम कुमार का पुत्र भास्कर कुमार साइकिल से बाजार गया था। वह भी बहने लगा। उसे भी लोगों ने किसी तरह बचाया। इस तरह की घटनाओं के बाद अंचलाधिकारी राज किशोर शर्मा ने बताया कि जब तक पानी का प्रेशर यहां पर होगा तब तक सड़क मार्ग से किसी को जाने वाले नहीं दिया जाएगा। दोनों तरफ चौकीदार की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। अगर कोई इसके नियम को तोड़ता है तो उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।