शाम्हो काली मेला: जब 52 जातियों के टोलों से सजता था 'मिनी कलकत्ता', अघोरी साधु से जुड़ी है 200 साल पुरानी आस्था
शाम्हो में तीन दिवसीय ऐतिहासिक काली मेला सोमवार से शुरू हो गया है, जहां कल्याण सिंह प्लस टू विद्यालय और ...और पढ़ें

काली मां। (जागरण)
HighLights
शाम्हो में तीन दिवसीय ऐतिहासिक काली मेला सोमवार से प्रारंभ।
कभी 'मिनी कलकत्ता' कहलाता था यह समृद्ध बाजार।
गंगा कटाव के बाद भी आस्था का सैलाब बरकरार।
संवाद सूत्र, शाम्हो (बेगूसराय)। भक्ति, परंपरा और समृद्ध इतिहास को समेटे शाम्हो का ऐतिहासिक तीन दिवसीय काली मेला सोमवार से पूरी भव्यता के साथ शुरू हो गया है।
रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि कल्याण सिंह प्लस टू विद्यालय शाम्हो और टोटहा गांव में स्थापित मां काली की भव्य प्रतिमाओं के पट मंत्रोच्चार, गाजे-बाजे और घंटे-घड़ियों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
स्तुति गायन के बीच माता के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे। सोमवार सुबह से ही महिलाओं द्वारा खोइछा भरने को लेकर पूजा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेले में बड़े-बड़े झूले, मनिहारी, चाट-पकौड़े और पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों से पूरा इलाका गुलजार है।
अघोरी साधु ने रखी थी नींव, कभी ढाका तक चलते थे पानी के जहाज
शाम्हो में काली पूजा की शुरुआत को लेकर टोटहा गांव निवासी 75 वर्षीय राजेश्वर प्रसाद सिंह बताते हैं कि बुजुर्गों के अनुसार सन 1800 से 1969 तक शाम्हो को 'मिनी कलकत्ता' के नाम से जाना जाता था।
यहां का बाजार इतना समृद्ध था कि जो सामान कलकत्ता के अलावा आसपास कहीं नहीं मिलता था, वह शाम्हो में आसानी से उपलब्ध हो जाता था।
यहां 52 जातियों के लिए अलग-अलग टोले बसे थे और शाम्हो डीह के दक्षिण स्थित गंगा तट (बंदरगाह) से ढाका (वर्तमान बांग्लादेश) के लिए पानी के जहाज चला करते थे।
इसी तट पर एक अघोरी साधु के आगमन के बाद मां काली की पूजा शुरू हुई। उस दौर में यहां कुंभ जैसा जनसैलाब उमड़ता था। साल 1969 में भीषण गंगा कटाव के चलते शाम्हो बाजार और डीह का अस्तित्व विलीन हो गया।
इसके बाद 1970 में डीह के शेष भाग में, 1971 में सरलाही और 1972 से टोटहा गांव में यह परंपरा अनवरत जारी है।
समय के साथ कमजोर पड़ा अखाड़े का रोमांच
स्थानीय बुजुर्ग बताते हैं कि मां काली सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी करती हैं। पहले मन्नत पूरी होने पर बलि प्रथा का भी विशेष प्रचलन था, जो अब लगभग समाप्त हो चुका है।
इस मेले का सबसे बड़ा आकर्षण पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता हुआ करती थी। इसके लिए स्थानीय और आसपास के जिलों के पहलवान सालों पहले से तैयारी करते थे और खेतों को समतल कर अखाड़े सजाए जाते थे।
विजयी पहलवानों को भव्य पुरस्कार दिए जाते थे। वहीं, रात्रिकालीन नाटकों का मंचन भी मेले की पहचान हुआ करता था। समय बदलने के साथ कुश्ती प्रतियोगिताएं बंद हो गईं और नाटकों की जगह ऑर्केस्ट्रा ने ले ली, जो कोरोना काल के बाद से वह भी लगभग सिमट कर रह गया है।
बदलते स्वरूप के बावजूद मां काली के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था आज भी उतनी ही अटूट बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- 30 साल पुरानी दोस्ती के लिए 400 KM का सफर: कौन हैं पप्पू सलमान? जिनके एक बुलावे पर प्रयागराज पहुंचे अनंत सिंह
यह भी पढ़ें- सनातन परंपरा, कबीर की भक्ति और वैदिक ज्ञान... सोनपुर मेले में दिखती है सामाजिक समरसता की अनूठी झलक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।