विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सनातन परंपरा, कबीर की भक्ति और वैदिक ज्ञान... सोनपुर मेले में दिखती है सामाजिक समरसता की अनूठी झलक

Published: Mon, 09 Nov 2026 02:06 PM (GMT+05:30)

सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार नहीं, बल्कि धर्म, दर्शन और सामाजिक चेतना का संगम है। यह सनातन परंपराओं, कबीर पंथ ...और पढ़ें

धर्म, दर्शन और वैचारिक जागरण का संगम है सोनपुर मेला

धर्म, दर्शन और वैचारिक जागरण का संगम है सोनपुर मेला

राहुल, नयागांव (सारण)। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की पहचान केवल पशु व्यापार और धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। गंगा-गंडक के पावन संगम पर लगने वाला यह मेला सदियों से धर्म, दर्शन, अध्यात्म और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

सनातन परंपराओं के साथ कबीर पंथ की निर्गुण भक्ति और आर्य समाज की वैदिक विचारधारा ने इसकी सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट बनाया है।

कार्तिक पूर्णिमा पर संगम में स्नान, बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान मेले की आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाते हैं।

भगवान विष्णु और शिव की संयुक्त आराधना से जुड़ी इस भूमि पर साधु-संतों के शिविर, कथा-प्रवचन, भजन-कीर्तन और सत्संग श्रद्धालुओं को आस्था के साथ विचार और विवेक से भी जोड़ते हैं।

कबीर पंथ की निर्गुण भक्ति और सामाजिक समरसता

मेले में कबीर पंथ की परंपरा का महत्वपूर्ण स्थान है। कार्तिक पूर्णिमा से पहले ही साधुगाछी सहित विभिन्न स्थानों पर कबीरपंथी संतों और अनुयायियों का जुटान शुरू हो जाता है।

सोनपुर के साधुगाछी स्थित कबीर आश्रम भगवान धाम संत कबीर नगर इस परंपरा का प्रमुख केंद्र है। यह मठ सर्वभक्तही आचार्य पीठ, कबीर आश्रम धनवती, सीवान का शाखा मठ है।

वर्तमान में इसके आचार्य महंत शत्रुघ्न गोस्वामी साहेब हैं। संत कबीर की वाणी जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश देती है। उनके दोहे और संतों के प्रवचन भाईचारे, सदाचार तथा आंतरिक शुद्धता की प्रेरणा देते हैं।

आर्य समाज के वैदिक महायज्ञ से सामाजिक सुधार का संदेश

सोनपुर मेले में आर्य समाज भी वैदिक विचारधारा और सामाजिक सुधार की परंपरा को आगे बढ़ाता है। बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, पटना के तत्वावधान में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गाय बाजार स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में पांच दिवसीय वैदिक महायज्ञ एवं धर्म प्रचार कार्यक्रम आयोजित होता है।

इसमें वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञाहुति, ओम ध्वजारोहण और विद्वानों के प्रवचन होते हैं। सत्यार्थ प्रकाश सहित वैदिक साहित्य का प्रचार किया जाता है। आर्य समाज ने छुआछूत, अंधविश्वास और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण के साथ नारी शिक्षा और सामाजिक समानता को बढ़ावा दिया।

सनातन विरासत और संतों की तपोभूमि

बाबा हरिहरनाथ मंदिर, शिवालय, मठ और संतों की समाधियां हरिहर क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को समृद्ध करती हैं। सोनपुर गांव का चिड़ैया मठ इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। यहां बाबा विशालनाथ और माता पार्वती की प्राचीन प्रतिमाएं तथा संत रैनगिरी बाबा और मौनी बाबा की समाधियां हैं।

कभी यह स्थल कुश्ती, संगीत और भजन के आयोजनों का प्रमुख केंद्र था। धार्मिक और वैचारिक विविधता के बीच मानव कल्याण, सदाचार और सामाजिक सद्भाव का संदेश ही सोनपुर मेले की विशेषता है। यही संगम इसे देश के विशिष्ट सांस्कृतिक आयोजनों में अलग पहचान दिलाता है।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला 2026: चप्पे-चप्पे पर होगी रोशनी, स्थानीय लोगों को मिलेंगे पास; डीएम ने की हाई लेवल समीक्षा

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला 2026: कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच, 'सोनपुर आइडल' से प्रतिभाओं को तराशेगा प्रशासन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।