बिहार में शिक्षक की गला रेतकर हत्या के बाद उलझी पुलिस, थाना क्षेत्र के लिए मंगाना पड़ा जमीन का नक्शा
बेगूसराय में ट्यूशन टीचर का शव कावर क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को करीब 10 बजे दिन में बरामद किया है। उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में है स्पष्ट नहीं होने के कारण अमीन को नक्शा के साथ बुलाया गया। तब साफ हुआ कि घटना कहां हुई।
संंसू, गढ़पुरा (बेगूसराय)। गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कनौसी गांव के एक युवक का शव कावर क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को करीब 10 बजे दिन में बरामद किया है। इसकी हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। मृतक की पहचान कनौसी के स्व. वशिष्ठ नारायण सिंह के छोटे पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ बाबुल कुमार के रूप में हुई है।
घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में है, स्पष्ट नहीं होने के कारण अमीन को नक्शा के साथ बुलाया गया। अंत में मापी के लिए अमीन को फीता भी गिराना पड़ा, तब जाकर स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल छौड़ाही थाना क्षेत्र के एकंबा श्रीपुर मौजा अंतर्गत पड़ता है। इसके बाद छौड़ाही थाना की पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शाम 4:50 बजे उठाकर बेगूसराय भेज दिया। मामले की जांच में एफएसएल टीम पहुंची एवं जांच के लिए कुछ सैंपल एकत्रित कर ले गई है।
घर जाकर बच्चों को पढ़ाता था ट्यूशन
घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई रविंद्र सिंह, जो गुरुवार को झारखंड से आए हैं, उन्होंने बताया कि वह कुछ बच्चों के घर पर जाकर ट्यूशन पढ़ाता था। गुरुवार की शाम चार बजे बाबुल बाइक से ट्यूशन पढ़ाने घर से निकला था। रात्रि साढ़े आठ बजे मां ने उसको फोन किया। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच आफ बताने लगा। तब मां घबराने लगी तो उसकी खोजबीन की जाने लगी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
सुबह में भी खोजबीन की जा रही
सुबह में भी खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान किसी ने बताया कि सकड़ा गांव से पश्चिम कावर में एक शव पड़ा हुआ है। तब गढ़पुरा थाना पुलिस को सूचना देते हुए वहां पहुंचे, देखा कि भाई की गला रेत कर हत्या की गई है। पटना जिला के मरांची के मृतक के भांजा विवेक कुमार ने बताया कि वे सुबह छह बजे ननिहाल कनौसी गांव आए तब पता चला कि छोटे मामा बाबुल कुमार शाम से गायब हैं।
दो बाइक से चार अन्य लड़के आए
खोजबीन के क्रम में मानिकपुर गांव गए। वहां राम टोला में बिरंची राम की पत्नी ने बताया कि करीब पांच बजे शाम में दो बाइक से चार अन्य लड़के आए। इनके साथ बाबुल ने भी शराब पीना शुरू किया। इसी क्रम में बाबुल के साथ कुछ बहसबाजी होने लगी। इसके बाद दो बाइक से दो-दो लड़के यहां से निकल गए।
जांच के लिए पहुंची पुलिस
इससे स्पष्ट है कि वही चारों लड़का बाबुल को लेकर सकड़ा गांव हनुमान मंदिर से पश्चिम सड़क होकर कावर गया और वहां उसकी हत्या गला रेत कर कर दी। इसी बीच डीएसपी बखरी, मंझौल थाना, चेरिया बरियारपुर थाना, छौड़ाही थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई एवं जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शव उठाकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेजा
गढ़पुरा सीओ राजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल गढ़पुरा अंचल क्षेत्र में नहीं है। इसके बाद छौड़ाही सीओ चंद्रप्रकाश के आने के बाद अमीन को नक्शा लेकर बुलाया गया और मापी के बाद स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल छौड़ाही में पड़ता है। तब पुलिस ने शव उठाकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। पुलिस मानिकपुर गांव से बिरंची राम और उनकी पत्नी को पूछताछ के लिए उठाकर ले गई है कि आखिर वह चारों लड़का कौन था। बाबुल का मोबाइल और बाइक भी नहीं मिली है। विगत वर्ष बाबुल की शादी बछवाड़ा थाना क्षेत्र के मकदमपुर गांव में हुई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।