बिहार में गहरे गड्ढे में गिरी महिला की मदद के लिए कोई नहीं था तैयार, युवक ने हिम्मत दिखाकर लूट ली महफिल
एक महिला पड़ोसी के निर्माणाधीन घर को देखने गई थी। इसी घर में सोख्ता बना था। अचानक वह उसमें गिर गई। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग तो पहुंचे पर महिला की मदद के लिए कोई तैयार नहीं हो रहा था। इसी दौरान एक युवक ने गड्ढे में उतरकर उसे निकाला।
संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। बखरी के परिहारा गांव में रविवार की अलसुबह एक महिला निर्माणाधीन गहरे सोख्ता में गिर गई। दुर्घटना महिला द्वारा पड़ोसी का घर देखने के दौरान हुई। घंटों की मशक्कत के बाद उसे गड्ढे से निकाला जा सका।
घर की कर रही थी रखवाली
मामले में प्राप्त समाचार के अनुसार, गांव के वार्ड संख्या सात निवासी संतोष पोद्दार की 35 वर्षीय पत्नी सोनी देवी पड़ोसी के निर्माणाधीन घर को देखने गई थी। इसी दौरान वह उसी अहाते में बन रहे 25 फीट गहरे सोख्ता में गिर गई।
हादसे के बाद जमा हो गई भीड़
घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। महिला को बाहर निकालने के लिए उपाय खोजे जाने लगे। ग्रामीणों द्वारा महिला को निकालने के लिए सीढी मंगाई गई। लेकिन गहरे कूप में उतरने की किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी।
काफी मशक्कत के बाद गड्ढे से निकाला
घटनास्थल पर मौजूद जिप सदस्य अमित कुमार देव ने सीढ़ी से अपने सहयोगी मनीष कुमार को सोख्ता में उतारा। युवक ने नीचे जाकर सहारा देकर काफी मशक्कत के बाद घायल एवं भारी भरकम महिला को बाहर निकाला। घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं।
युवक की हिम्मत की हो रही तारीफ
उसका इलाज बखरी पीएचसी में किया गया। युवक की हिम्मत की लोग तारीफ कर रहे हैं। गनीमत रही कि गड्ढे की हाल ही में खुदाई हुई थी, वरन उसमें जहरीली गैस भी हो सकती थी। सिर के बल महिला के गिरने से बड़ी घटना हो सकती थी।
निर्माणाधीर मकान में बन रहा था सोख्ता
पड़ोसियों ने बताया कि निर्माणाधीर मकान में सोख्ता बनाया जा रहा है। यह पानी इकट्ठा करने के काम आता है। अधिकतर लोग नाली या गंदा पानी एक स्थान पर इकट्ठा करने के लिए सोख्ता का निर्माण कराते हैं। इससे पानी आसानी से एक स्थान पर रहता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।