सुई-धागे से शुरू हुई तकदीर बदलने की कहानी, आरा में खेती-पशुपालन ने बनाया लखपति दीदी; दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
विवक कुमारी ने सिलाई से शुरुआत कर खेती, पशुपालन और जीविका से जुड़कर आर्थिक तंगी दूर की और लखपति दीदी बनीं। उनकी सफलता ने उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाई और वे पांच पंचायतों की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।

दोहटा गांव की विवक कुमारी
HighLights
सिलाई से शुरुआत कर बनीं लखपति दीदी।
खेती, पशुपालन और जीविका से मिली सफलता।
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान।
संवाद सूत्र, भगवानपुर (बेगूसराय)। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के बीच भी अगर हौसला बुलंद हो तो सफलता की राह निकाली जा सकती है। इसकी मिसाल हैं मोख्तियारपुर पंचायत के दोहटा गांव की विवक कुमारी।
कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली विवक आज अपनी मेहनत और लगन से लखपति दीदी बन चुकी हैं। उनकी सफलता की कहानी सिलाई मशीन से शुरू हुई और खेती, पशुपालन तथा जीविका की गतिविधियों से होते हुए राष्ट्रीय पहचान तक पहुंच गई।
2006 में सिलाई मशीन बनी आत्मनिर्भरता का पहला हथियार
वर्ष 1998 में मनोज यादव से विवाह के बाद विवक कुमारी मोख्तियारपुर पंचायत के वार्ड संख्या 15 स्थित दोहटा गांव पहुंचीं। वर्ष 2001 से वह स्थायी रूप से ससुराल में रहने लगीं। शुरुआती दिनों में आर्थिक परेशानियों और सामाजिक परिस्थितियों के कारण उनका जीवन घर तक सीमित था।
वर्ष 2005 के बाद उन्होंने अपनी परिस्थितियां बदलने का संकल्प लिया। मायके से सीखी सिलाई की कला को रोजगार का जरिया बनाया और 2006 में घर से ही महिलाओं के कपड़े सिलने का काम शुरू कर दिया। पति के बाहर रहकर काम करने के कारण उनकी कमाई परिवार के लिए बड़ा सहारा बनी।
लीज की जमीन से शुरू हुई खेती, गाय ने बढ़ाई आमदनी
सिलाई से आत्मविश्वास बढ़ने के बाद विवक ने वर्ष 2009 में जमीन लीज पर लेकर गेहूं और मक्का की खेती शुरू की। इससे परिवार की खाद्यान्न जरूरतें पूरी होने के साथ आर्थिक बोझ भी कम हुआ।
इसके बाद एक गाय खरीदकर पशुपालन की शुरुआत की। दूध की बिक्री से नियमित आमदनी होने लगी। धीरे-धीरे उन्होंने सब्जी उत्पादन, धान की खेती और दूसरी कृषि गतिविधियों को भी अपने रोजगार से जोड़ लिया। इस तरह आय के कई साधन तैयार होते चले गए।
आठवीं तक पढ़ाई, हौसले से मैट्रिक तक पहुंचीं
आर्थिक कठिनाइयों के कारण विवक कुमारी की औपचारिक शिक्षा आठवीं कक्षा तक ही हो सकी थी। हालांकि, पढ़ने की इच्छा कभी कम नहीं हुई। उन्होंने अपने प्रयासों से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। उनका यह कदम साबित करता है कि पढ़ाई की राह में परिस्थितियां बाधा बन सकती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति से आगे बढ़ने का रास्ता हमेशा खुला रहता है।
जीविका से जुड़कर मिली काम को विस्तार देने की ताकत
वर्ष 2014 में विवक कुमारी जीविका से जुड़ीं और संतोषी जीविका महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य बनीं। इसके बाद क्रांति जीविका महिला ग्राम संगठन और तिलक जीविका महिला संकुल संघ से भी जुड़ीं।
समूह के माध्यम से उन्हें बचत, सामूहिक प्रयास और स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिली। अपने अनुभव और समूह के सहयोग से उन्होंने खेती, सब्जी उत्पादन और पशुपालन जैसी गतिविधियों का विस्तार किया।
20 से 25 हजार रुपये मासिक आमदनी, बनीं लखपति दीदी
लगातार मेहनत और आय के अलग-अलग स्रोत विकसित करने का परिणाम यह हुआ कि विवक कुमारी की मासिक आमदनी करीब 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गई। इसी उपलब्धि ने उन्हें लखपति दीदी के रूप में पहचान दिलाई।
जीविका की बैठकों में सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलने पर उन्होंने उनका लाभ उठाया। वर्तमान में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत उन्हें 10 हजार रुपये की सहायता राशि भी मिली है। उनका मानना है कि सरकारी योजनाओं का सही इस्तेमाल और नियमित मेहनत छोटे कारोबार को भी मजबूत रोजगार में बदल सकती है।
पांच पंचायतों की महिलाओं के लिए बनीं बदलाव की अगुवाई करने वाली दीदी
विवक कुमारी की सफलता अब सिर्फ उनके परिवार तक सीमित नहीं है। मोख्तियारपुर, बनवारीपुर, चंदौर, मेंहदौली और रसलपुर सहित पांच पंचायतों की महिलाएं उनके मार्गदर्शन में खेती, सब्जी उत्पादन, पशुपालन, दुकानदारी और दूसरे स्वरोजगार से जुड़ रही हैं।
वह महिलाओं को अपनी क्षमता पहचानने और छोटे स्तर से रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित करती हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
समिति की अध्यक्ष बनकर संभाल रहीं महिलाओं की जिम्मेदारी
विवक कुमारी वर्तमान में तिलक जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, भगवानपुर की अध्यक्ष हैं। भगवानपुर दुग्ध समिति के पास स्थित कार्यालय में वह प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक समय देती हैं।
समिति की सचिव पुष्पा कुमारी, कोषाध्यक्ष अनिता देवी, उपाध्यक्ष सुनीता देवी, उपसचिव वीणा देवी सहित सात अन्य सदस्य भी नियमित रूप से महिलाओं से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाते हैं। समिति से जुड़ी महिलाएं उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानती हैं और उनकी तरह आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने का सपना देखती हैं।
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में मिली राष्ट्रीय पहचान
विवक कुमारी के संघर्ष और महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित किया गया।
यहां उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और उनके कार्यों को सम्मान मिला। दोहटा गांव की एक सामान्य ग्रामीण महिला का आर्थिक संघर्ष से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। आज उनकी कहानी आसपास के गांवों की महिलाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला दे रही है।
संदेश साफ, छोटी शुरुआत से भी लिखी जा सकती है बड़ी सफलता की कहानी
विवक कुमारी का मानना है कि आत्मनिर्भर बनने के लिए शुरुआत बड़ी होना जरूरी नहीं है, बल्कि इरादे मजबूत होने चाहिए। मेहनत, बचत और निरंतर प्रयास से महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बदल सकती हैं।
उनकी जीवन यात्रा इसका उदाहरण है कि घर से शुरू किया गया सिलाई का छोटा काम भी आगे चलकर खेती, पशुपालन और सामूहिक नेतृत्व के माध्यम से सफलता की बड़ी कहानी बन सकता है।
यह भी पढ़ें- पिता चलाते थे बक्सर में सैलून, बेटी बनी अफसर; चौथे प्रयास में BPSC में हासिल किया 40वां रैंक
यह भी पढ़ें- कभी घर तक सीमित था हुनर, अब सोनपुर मेले में लगा रहीं स्टॉल; जीविका दीदियों की बदली पहचान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।