'शिवजी को 15 बार जल चढ़ाने के बराबर है बाढ़ प्रभावित की सेवा करना', अधिकारियों पर बरसे राकेश सिन्हा
पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने तेघड़ा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और अधिकारियों से पीड़ितों को समय पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने प्रभावित परिवारों विशेषकर बच्चों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की और सहायता पहुंचाने के लिए कहा। सिन्हा ने अगले वर्ष तक बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकालने का भी आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी, तेघड़ा (बेगूसराय)। पूर्व राज्य सभा सदस्य राकेश सिन्हा तेघड़ा प्रखंड में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों की समस्या से अवगत होकर सीओ रविशंकर को फोन पर 12 बजे तक नाश्ता नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 15 बार शिवजी को जल चढ़ाने के बराबर है बाढ़ प्रभावितों की सेवा करना।
पूर्व सांसद ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों में छोटे-छोटे बच्चे हैं, वे 12 बजे तक भूखे कैसे रहेंगे? रातगांव पंचायत के वार्ड संख्या 13 एवं 14 भगवानपुर चक्की पर के लोगों को आवागमन के लिए सरकार के रजिस्टर में पांच नाव दी गई हैं, लेकिन धरातल पर तीन नाव ही उपलब्ध हैं। यहां रह रहे कुछ परिवारों को पॉलीथीन दिया गया है, जबकि अधिकांश प्रभावित परिवार इससे वंचित हैं।
राकेश सिन्हा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावितों को सुबह आठ बजे तक नाश्ता और 12 बजे तक भोजन मिल जाना चाहिए। उन्होंने सीओ से ऐसी व्यवस्था करने को कहा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भ्रमण के दौरान विसौआ में उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से बाढ़ प्रभावित लोगों को परेशानी नहीं होगी। इसके लिए वे जरूरी और सख्त कदम उठाएंगे।
पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रत्येक वर्ष बछवाड़ा प्रखंड से लेकर तेघड़ा, साहेबपुर कमाल, बलिया एवं शाम्हो प्रखंड के लोगों को बाढ़ की विभीषिका झेलनी पड़ती है। इसके लिए बचाव कैसे हो? विशेषज्ञ की टीम से मिलकर इसका निराकरण करवाएंगे। मौके पर भाजपा नेता सुनील कुमार, विवेक गौतम, राकेश कुमार महंत, अविनाश कुमार शंभू, विपुल कुमार, मंटुन मिश्रा, माखन लाल आदि मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।